दिल्ली-शिमला हवाई किराया 6 हजार, शिमला-धर्मशाला 3 हजार तय
Himachalnow / शिमला
हिमाचल प्रदेश में हवाई संपर्क को बढ़ावा देने के लिए नई उड़ानों की शुरुआत होने जा रही है। दिल्ली-शिमला और शिमला-धर्मशाला रूट पर किराया तय कर दिया गया है और जल्द ही संचालन शुरू होगा। इस पहल से यात्रियों की सुविधा बढ़ेगी और पर्यटन को भी मजबूती मिलेगी।
शिमला
हिमाचल प्रदेश में हवाई संपर्क को बड़ी राहत मिलने जा रही है। प्रदेश में इस माह के अंत तक दिल्ली-शिमला तथा शिमला-धर्मशाला हवाई मार्ग पर उड़ानें शुरू हो जाएंगी। इसके लिए प्रति सीट किराया भी तय कर दिया गया है। दिल्ली से शिमला का हवाई किराया 6 हजार रुपये और शिमला से धर्मशाला का किराया 3 हजार रुपये निर्धारित किया गया है। इन दोनों किरायों में टैक्स अतिरिक्त रहेगा।जानकारी के अनुसार इन उड़ानों का संचालन दैनिक आधार पर किया जाएगा। प्रदेश सरकार ने इस संबंध में एलायंस एयर लिमिटेड के साथ समझौता ज्ञापन पर हस्ताक्षर कर दिए हैं। समझौते के बाद अब इसी माह के अंतिम सप्ताह से उड़ानों का संचालन शुरू होने की उम्मीद है।
बताया जा रहा है कि इन रूटों पर एटीआर 42-600 विमान से उड़ानें संचालित की जाएंगी। इस विमान में 48 सीटों की क्षमता होगी। तय व्यवस्था के अनुसार जो विमान दिल्ली से शिमला पहुंचेगा, वही आगे धर्मशाला के लिए उड़ान भरेगा। इसके बाद वही विमान धर्मशाला से वापस शिमला और फिर शिमला से दिल्ली जाएगा।फ्लाइट का समय-निर्धारण जल्द तय किया जाएगा। इसके बाद यात्रियों के लिए बुकिंग प्रक्रिया भी शुरू हो सकती है। जानकारी यह भी सामने आई है कि टिकटों में यदि किसी प्रकार की गैप फंडिंग की जरूरत पड़ी, तो उसका खर्च प्रदेश सरकार वहन करेगी।
इन उड़ानों का संचालन सप्ताह के सातों दिन किया जाएगा। सरकार और एयरलाइन के बीच हुआ यह समझौता 12 माह तक प्रभावी रहेगा और इसकी अवधि उड़ानों के वास्तविक संचालन शुरू होने की तारीख से मानी जाएगी।गौरतलब है कि इन हवाई सेवाओं के बंद हुए करीब एक साल से अधिक समय हो चुका था। उड़ानों के बंद रहने से आम यात्रियों के साथ-साथ पर्यटन क्षेत्र पर भी असर पड़ा था। अब इन सेवाओं के दोबारा शुरू होने से न केवल लोगों की आवाजाही आसान होगी, बल्कि प्रदेश में पर्यटन गतिविधियों को भी बड़ा सहारा मिलने की उम्मीद है।