धर्मशाला को मिला बड़ा तोहफा, अब आईपीएल के 4 मुकाबलों की मेजबानी
Himachalnow / धर्मशाला
धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम को इस बार आईपीएल में बड़ी जिम्मेदारी मिली है। बीसीसीआई ने लीग मुकाबलों के साथ क्वालिफायर-1 मैच भी धर्मशाला में कराने का फैसला लिया है। इस घोषणा के बाद हिमाचल के क्रिकेट प्रेमियों में जबरदस्त उत्साह देखने को मिल रहा है।
धर्मशाला
हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम को इस बार आईपीएल में बड़ा तोहफा मिला है। पहले जहां यहां केवल तीन लीग मुकाबले खेले जाने थे, वहीं अब बीसीसीआई ने क्वालिफायर-1 मुकाबला भी धर्मशाला में कराने का फैसला लिया है। इसके साथ ही धर्मशाला अब कुल चार आईपीएल मुकाबलों की मेजबानी करेगा।बीसीसीआई द्वारा जारी प्लेऑफ शेड्यूल के अनुसार 26 मई को धर्मशाला के एचपीसीए स्टेडियम में क्वालिफायर-1 मुकाबला खेला जाएगा। इस मैच में अंक तालिका की शीर्ष दो टीमें आमने-सामने होंगी और विजेता टीम सीधे फाइनल में प्रवेश करेगी।
धर्मशाला में इससे पहले तीन लीग मैच निर्धारित हैं। 11 मई को पंजाब किंग्स और दिल्ली कैपिटल्स, 14 मई को पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस तथा 17 मई को पंजाब किंग्स और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बीच मुकाबले खेले जाएंगे।वहीं 27 मई को एलिमिनेटर मुकाबला न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा, जबकि 29 मई को क्वालिफायर-2 भी वहीं आयोजित होगा। आईपीएल 2026 का फाइनल मुकाबला 31 मई को अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेला जाएगा।
बीसीसीआई के इस फैसले के बाद हिमाचल के क्रिकेट प्रेमियों में भारी उत्साह देखा जा रहा है। धर्मशाला स्टेडियम की खूबसूरती और यहां के शानदार माहौल को देखते हुए बड़े मुकाबले मिलने को प्रदेश के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।