Traffic Diversion/ आईपीएल मैचों के दौरान धर्मशाला में भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक
Traffic Diversion : धर्मशाला में आयोजित होने वाले आईपीएल मैचों को लेकर जिला प्रशासन ने भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर अस्थायी प्रतिबंध लगाने के आदेश जारी किए हैं। प्रशासन के अनुसार यह व्यवस्था मैच वाले दिनों में ट्रैफिक संचालन को सुचारू बनाए रखने के उद्देश्य से लागू की गई है।
धर्मशाला
जिला दंडाधिकारी ने जारी किए आदेश
जिला दंडाधिकारी हेमराज बैरवा ने मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 के तहत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए आईपीएल मैचों के दौरान धर्मशाला और आसपास के क्षेत्रों में भारी मालवाहक वाहनों की आवाजाही पर रोक लगाने के आदेश जारी किए हैं। जारी आदेशों के अनुसार रेत, बजरी, सीमेंट, सरिया और भवन निर्माण सामग्री लेकर आने वाले वाहनों पर मैच शुरू होने से छह घंटे पहले प्रतिबंध लागू होगा और मैच समाप्त होने तक प्रभावी रहेगा।
11, 14 और 17 मई को प्रस्तावित हैं मैच
प्रशासन के अनुसार धर्मशाला स्थित क्रिकेट स्टेडियम में 11, 14 और 17 मई 2026 को आईपीएल के मुकाबले आयोजित किए जाएंगे। इन मैचों में पंजाब किंग्स, दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियंस और रॉयल चैलेंजर्स की टीमें हिस्सा लेंगी। जिला प्रशासन ने बताया कि मैचों के दौरान देश और विदेश से बड़ी संख्या में क्रिकेट दर्शकों के धर्मशाला पहुंचने की संभावना है।
ट्रैफिक व्यवस्था को ध्यान में रखकर लिया निर्णय
जिला प्रशासन के अनुसार भारी वाहनों की आवाजाही के कारण मैचों के दौरान सामान्य यातायात व्यवस्था प्रभावित होने की संभावना रहती है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अस्थायी प्रतिबंध लागू किया गया है ताकि मैच वाले दिनों में ट्रैफिक संचालन सुचारू रखा जा सके। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह आदेश केवल आईपीएल मैच वाले दिनों के लिए ही लागू रहेंगे।