धर्मशाला मैराथन-2026 का आयोजन 27 दिसंबर को, पांच श्रेणियों में दौड़ेंगे प्रतिभागी
कांगड़ा कार्निवल-2026 के तहत धर्मशाला मैराथन का आयोजन 27 दिसंबर को किया जाएगा। नगर निगम धर्मशाला और जिला प्रशासन बिगफुट एडवेंचर इंडिया के सहयोग से इसका आयोजन करेंगे। मैराथन में 3, 5 और 10 किलोमीटर के साथ हाफ मैराथन तथा फुल मैराथन श्रेणियां रखी गई हैं। आयोजकों को देशभर से हजारों धावकों के भाग लेने की उम्मीद है। ऑनलाइन पंजीकरण का लिंक जल्द आमजन के साथ साझा किया जाएगा।
धर्मशाला
नगर निगम धर्मशाला के आयुक्त जफर इकबाल ने समृद्धि भवन में आयोजित तैयारी बैठक में बताया कि मैराथन साई स्टेडियम के समीप स्थित खेल परिसर से शुरू होगी। प्रतिभागियों को उनकी श्रेणी के अनुसार अलग-अलग रंगों की इवेंट टी-शर्ट और फिनिशर मेडल दिए जाएंगे। मैराथन मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर हाइड्रेशन की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी और सांस्कृतिक गतिविधियां भी आयोजित होंगी। इसमें विद्यार्थियों, शैक्षणिक संस्थानों, पुलिस, भारतीय सेना के जवानों और आम नागरिकों की भागीदारी सुनिश्चित करने की तैयारी है।
यातायात को ध्यान में रखकर तय किया मार्ग
यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए मैराथन का मार्ग साई स्टेडियम से चीलगाड़ी, सर्किट हाउस, बीएसएनएल, नगघोटा, सुधेड़, पुराना चड़ी रोड, वोल्वो बस स्टैंड और गांधी चौक से होकर निर्धारित किया गया है। इसके बाद प्रतिभागी बीएसएनएल सड़क के रास्ते वापस खेल परिसर पहुंचेंगे। आयोजन की तैयारियों के तहत यातायात एवं मार्ग प्रबंधन, चिकित्सा सहायता, पुलिस व्यवस्था, दर्शकों के बैठने की सुविधा तथा होटल एसोसिएशन और गैर सरकारी संगठनों से सहयोग लेने पर भी चर्चा की गई।
खेल परिसर में लगेगी हाई मास्ट लाइट
नगर निगम आयुक्त ने बताया कि मैराथन से पहले खेल परिसर में हाई मास्ट लाइट स्थापित की जाएगी। उन्होंने खेल विभाग के अधिकारियों को इसके लिए उपयुक्त स्थान चिह्नित करने के निर्देश दिए हैं। स्टेडियम में दिव्यांगजनों की सुविधा के लिए सुगम रैंप बनाने को भी कहा गया है। आयोजन में प्रदेश के अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बना चुके खिलाड़ियों को विशेष रूप से आमंत्रित किया जाएगा, ताकि प्रतिभागियों का उत्साह बढ़े और युवा खेल गतिविधियों में भाग लेने के लिए प्रेरित हों।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव चौहान, चिकित्सा विभाग से डॉ. दुष्यंत कुमार, उप निदेशक उच्च शिक्षा अजय सम्बयाल, उप निदेशक प्रारंभिक शिक्षा बलविंदर सिंह गुलेरिया, होमगार्ड कमांडेंट राजिन्द्र कुमार, पर्यटन सूचना अधिकारी स्वीटी शर्मा, खेल विभाग से सुरेन्द्र मोहन, डिग्री कॉलेज से डॉ. दीपिका ठाकुर और एसएचओ नारायण सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने आयोजन से जुड़े आवश्यक प्रबंधों और विभागीय समन्वय पर विचार-विमर्श किया।