Loading...

धर्मशाला पीजी कॉलेज के कॉमर्स ब्लॉक में मिले 20 जहरीले रसेल वाइपर, वन विभाग ने किया रेस्क्यू

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 31 Jul 2026 • 1 Min Read

धर्मशाला स्थित राजकीय स्नातकोत्तर (पीजी) कॉलेज के कॉमर्स ब्लॉक में शुक्रवार को एक साथ करीब 20 जहरीले रसेल वाइपर (घोणा) सांप मिलने से परिसर में अफरा-तफरी मच गई। सूचना मिलते ही वन विभाग की रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सभी सांपों को सुरक्षित पकड़कर उनके प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया। समय रहते कार्रवाई होने से किसी प्रकार की अप्रिय घटना नहीं हुई।

कांगड़ा/धर्मशाला

जानकारी के अनुसार कॉमर्स ब्लॉक स्थित पुराने हॉल के समीप फिजिकल एजुकेशन विभाग के पास सांप दिखाई देने की सूचना कॉलेज प्रशासन ने वन विभाग को दी। इसके बाद अजय के नेतृत्व में रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची और सावधानीपूर्वक सभी सांपों को सुरक्षित बाहर निकाला। वन विभाग के अनुसार मौके पर एक मादा रसेल वाइपर और उसके करीब 19 बच्चे मिले, जिन्हें सुरक्षित तरीके से पकड़कर प्राकृतिक आवास में छोड़ दिया गया।

रसेल वाइपर भारत के सबसे विषैले सांपों में शामिल

विशेषज्ञों के अनुसार रसेल वाइपर भारत के सबसे विषैले सांपों में से एक माना जाता है। इसके काटने पर समय पर उपचार नहीं मिलने की स्थिति में पीड़ित की जान को गंभीर खतरा हो सकता है। इसके विष का प्रभाव रक्त के थक्के बनने की प्रक्रिया और शरीर के महत्वपूर्ण अंगों पर पड़ता है, इसलिए ऐसे मामलों में तत्काल चिकित्सकीय सहायता लेना आवश्यक होता है।

वन विभाग ने लोगों से की अपील

वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि यदि कहीं भी सांप दिखाई दे तो घबराएं नहीं और न ही उसे पकड़ने या मारने का प्रयास करें। ऐसी स्थिति में तुरंत वन विभाग या संबंधित विभाग को सूचना दें, ताकि प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम सुरक्षित तरीके से सांप को पकड़कर उसके प्राकृतिक आवास में छोड़ सके।