Dharti Aaba Campaign / धरती आबा जनभागीदारी अभियान के अंतर्गत बीटन पंचायत में 26 जून को विशेष शिविर और ग्राम सभा का आयोजन
Dharti Aaba Campaign : शासन की योजनाओं की जानकारी और सेवाएं जनजातीय वर्ग तक पहुंचाने के लिए स्वास्थ्य जांच, ई-केवाईसी, वृक्षारोपण और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों सहित होंगे कार्यक्रम
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
बीटन पंचायत में लगने वाले शिविर में मिलेंगी बहुआयामी सेवाएं
ऊना जिला के हरोली उपमंडल की ग्राम पंचायत बीटन में 26 जून को ‘धरती आबा जनभागीदारी अभियान’ के अंतर्गत विशेष ग्राम सभा और सैचुरेशन कैंप का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन केंद्र सरकार के जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशों के अनुसार हो रहा है, जिसका उद्देश्य समाज के आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर तबकों तक सभी योजनाओं की जानकारी और लाभ पहुंचाना है।
ई-सेवाओं से लेकर जनधन और स्वास्थ्य जांच तक मिलेगा लाभ
शिविर में आधार नामांकन, ई-केवाईसी, आयुष्मान भारत योजना, पीएम किसान, जनधन योजना, राशन कार्ड अपडेट, सामाजिक सुरक्षा प्रमाण पत्र सहित कई सुविधाएं एक ही स्थान पर उपलब्ध करवाई जाएंगी। साथ ही लोगों को स्वास्थ्य जांच, वृक्षारोपण, योग सत्र और सांस्कृतिक कार्यक्रमों के माध्यम से भी जोड़ा जाएगा।
विभागों को दिए गए सख्त निर्देश
उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि सभी विभागों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने प्रतिनिधियों को अनिवार्य रूप से शिविर में भेजें और समन्वय से कार्य करें ताकि लाभार्थियों को सेवाएं बिना किसी बाधा के मिल सकें। उन्होंने यह भी कहा कि डिजिटल सेवाओं और जन-जागरूकता में स्वयं सहायता समूह और सीएससी की भागीदारी को बढ़ावा दिया जाएगा।
सोशल मीडिया से मिलेगा अभियान को बल
अभियान की रिपोर्ट, कवरेज और तस्वीरें सभी विभागों को 1 जुलाई तक डीआरडीए ऊना को सौंपनी होंगी। साथ ही सोशल मीडिया के प्रभावी उपयोग के माध्यम से अभियान की जानकारी अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचाने के निर्देश भी जारी किए गए हैं।