Digital Library: हिमाचल के इस जिले में बनेगी पहली डिजिटल लाइब्रेरी…..
HNN/ बिलासपुर
हिमाचल प्रदेश के जिला बिलासपुर में पहली डिजिटल लाइब्रेरी बनेगी। कारपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) का बजट खर्च कर हाइटेक बनाने के लिए कसरत शुरू कर दी गई है। जिला पुस्तकालय में एक बिग रीडिंग हॉल, ई-लाइब्रेरी, कम्प्यूटर टैब, फर्नीचर सहित अन्य सहूलियतों को विकसित करने के साथ-साथ सुरक्षा की दृष्टि से सीसीटीवी सर्विलांस नेटवर्क स्थापित किए जाएंगे।
बता दें पुस्तकालय में टेबल पर किताबों की जगह इलेक्ट्रॉनिक नोटपैड और टच स्क्रीन लगाए जाएंगे। इनमें हजारों पुस्तकों को अपलोड किया जाएगा। इस कार्य को करने के लिए जिला प्रशासन कॉर्पोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी (सीएसआर) के माध्यम से बजट का प्रावधान करेगा।
उपायुक्त बिलासपुर आबिद हुसैन सादिक ने बताया कि जिला पुस्तकालय को अगले स्तर पर ले जाने के लिए अब डिजिटल किया जाएगा। यह प्रदेश का पहला डिजिटल पुस्तकालय होगा। उपायुक्त ने कहा कि पुस्तकालय में प्रमुख समाचार पत्रों की ऑनलाइन सब्सक्रिप्शन भी ली जाएगी, ताकि ऑनलाइन समाचार पढ़ने की सुविधा मिल सके।