भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और लोकतंत्र की हत्या पर टिकी है सुक्खू सरकार: डॉ. सिकंदर कुमार, 2027 में जनता देगी जवाब
जुब्बल में आयोजित भाजपा प्रशिक्षण महाभियान के समापन सत्र में राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार, प्रशासनिक अराजकता, तुष्टिकरण और लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग के आरोप लगाए। उन्होंने प्रूनिंग कैंची खरीद, अवैध कब्जों, स्थानीय निकाय चुनावों और प्रशासनिक कार्यप्रणाली को लेकर सरकार को घेरते हुए निष्पक्ष जांच और जवाबदेही की मांग की।
जुब्बल
भाजपा प्रदेश महामंत्री एवं राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार ने कांग्रेस सरकार पर भ्रष्टाचार, तुष्टिकरण और लोकतांत्रिक संस्थाओं के दुरुपयोग के गंभीर आरोप लगाए हैं। भाजपा के जिला महासू प्रशिक्षण महाभियान के समापन सत्र को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रदेश में प्रशासनिक अराजकता का माहौल है और सरकार जनता के विश्वास को लगातार तोड़ रही है।डॉ. सिकंदर कुमार ने कहा कि हाल ही में सामने आए प्रूनिंग कैंची खरीद मामले ने सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि पहले करीब 4,300 रुपये की बोली को निरस्त किया गया और बाद में उसी सामग्री की खरीद लगभग 5,800 रुपये प्रति कैंची की दर से स्वीकृत कर दी गई। उन्होंने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की।
उन्होंने धर्मशाला नगर निगम में अवैध कब्जों के मामलों का भी जिक्र करते हुए कहा कि कानून सभी के लिए समान होना चाहिए। यदि किसी भी जनप्रतिनिधि ने सरकारी भूमि पर अवैध कब्जा किया है तो उसके खिलाफ निष्पक्ष कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस सरकार प्रशासन और जांच एजेंसियों का इस्तेमाल राजनीतिक प्रतिशोध के लिए कर रही है।स्थानीय निकायों में अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनावों को लेकर भी उन्होंने सरकार पर निशाना साधा। उनका आरोप था कि जहां कांग्रेस समर्थित प्रतिनिधियों के पास बहुमत है वहां चुनाव तुरंत कराए जा रहे हैं, जबकि भाजपा समर्थित बहुमत वाले निकायों में नियमों में बदलाव और प्रशासनिक हस्तक्षेप के जरिए चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित किया जा रहा है। इसे उन्होंने लोकतांत्रिक व्यवस्था का अपमान बताया।
राज्यसभा सांसद ने कहा कि प्रदेश में अधिकारी और कर्मचारी राजनीतिक दबाव में काम करने को मजबूर हैं तथा विपक्षी जनप्रतिनिधियों को झूठे मामलों में फंसाने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा संविधान, लोकतांत्रिक मूल्यों और निष्पक्ष प्रशासन की रक्षा के लिए संघर्ष जारी रखेगी।
डॉ. सिकंदर कुमार ने दावा किया कि किसान, बागवान, युवा, कर्मचारी, महिलाएं और व्यापारी सरकार की नीतियों से निराश हैं तथा प्रदेश की आर्थिक स्थिति लगातार कमजोर होती जा रही है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से गांव-गांव और घर-घर जाकर कांग्रेस सरकार की कथित जनविरोधी नीतियों और भ्रष्टाचार के मुद्दों को जनता तक पहुंचाने का आह्वान किया। उन्होंने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में प्रदेश की जनता कांग्रेस सरकार को लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी।
प्रशिक्षण शिविर के दौरान भाजपा मीडिया संयोजक कर्ण नंदा ने व्यवहारिक विषय पर सत्र लिया, जबकि पूर्व मंत्री सुरेश भारद्वाज ने संगठनात्मक सुदृढ़ीकरण और कार्यकर्ता विकास पर अपने विचार साझा किए। समापन सत्र में डॉ. सिकंदर कुमार ने संगठन की भूमिका और आगामी राजनीतिक रणनीति पर भी विस्तार से चर्चा की।
