eKYC / सिरमौर के BOCW श्रमिक ई-श्रम पोर्टल पर कराएं पंजीकरण, डिजिटल लेबर कार्ड होगा जारी
eKYC / सिरमौर जिले के भवन एवं अन्य निर्माण कार्य (BOCW) से जुड़े सभी पंजीकृत श्रमिकों से ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण कराने का आग्रह किया गया है। श्रम कल्याण अधिकारी ने बताया कि ई-श्रम पोर्टल पर पंजीकरण पूरा होने के बाद विभाग की ओर से श्रमिकों का डिजिटल लेबर कार्ड जारी किया जाएगा। इसके माध्यम से विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ श्रमिकों तक अधिक पारदर्शी और सुगम तरीके से पहुंचाया जाएगा।
नाहन
कार्यालय श्रम कल्याण अधिकारी, सिरमौर ने बताया कि जिले के सभी नामांकित BOCW श्रमिक ई-श्रम पोर्टल पर स्वयं (Self Registration) अथवा अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (CSC) या लोक मित्र केंद्र के माध्यम से अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। विभाग का उद्देश्य सभी पात्र श्रमिकों को डिजिटल प्लेटफॉर्म से जोड़कर सरकारी योजनाओं का लाभ समय पर उपलब्ध कराना है।
पंजीकरण के बाद यूएएन संख्या कार्यालय में करें जमा
ई-श्रम पोर्टल पर सफलतापूर्वक पंजीकरण होने के बाद प्राप्त ई-श्रम कार्ड, आईडी संख्या अथवा यूनिवर्सल अकाउंट नंबर (UAN) को श्रम कल्याण कार्यालय, सिरमौर (पुराना डीआरडीए भवन, उपायुक्त कार्यालय के समीप, नाहन) में स्वयं जाकर जमा करवाना होगा। श्रमिक चाहें तो दूरभाष नंबर 01702-292032 पर संपर्क कर अपनी यूएएन संख्या भी दर्ज करवा सकते हैं।
डिजिटल लेबर कार्ड से मिलेंगी विभागीय योजनाओं की सुविधाएं
श्रम कल्याण अधिकारी ने बताया कि ई-श्रम पंजीकरण का विवरण प्राप्त होने के बाद विभाग की ओर से डिजिटल लेबर कार्ड जारी किया जाएगा। इसी कार्ड के माध्यम से श्रमिकों को विभाग की विभिन्न सरकारी कल्याणकारी योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने जिले के सभी पंजीकृत BOCW श्रमिकों से अपील की है कि वे बिना किसी देरी के अपना ई-श्रम पंजीकरण पूरा कर यूएएन संख्या श्रम कल्याण कार्यालय में उपलब्ध करवाएं, ताकि डिजिटल लेबर कार्ड जारी करने की प्रक्रिया समय पर पूरी की जा सके।