एनपीएस संचय में 250 रुपए से खुलेगा खाता, 18 से 85 वर्ष के पात्र नागरिकों को सुविधा
एनपीएस संचय के तहत 18 से 85 वर्ष आयु वर्ग के पात्र भारतीय नागरिक 250 रुपए के न्यूनतम अंशदान से खाता खोल सकते हैं। सोलन में आयोजित जागरूकता कार्यक्रम के दौरान किसानों, किसान उत्पादक संगठनों, लघु उद्यमियों और असंगठित क्षेत्र के कामगारों को योजना के माध्यम से नियमित बचत, पेंशन कोष और वृद्धावस्था में आय सुरक्षा की जानकारी दी गई।
सोलन
पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण और जिले के अग्रणी यूको बैंक के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित कार्यक्रम में एनपीएस संचय की विस्तृत जानकारी साझा की गई। यूको बैंक के सहायक महाप्रबंधक एवं राज्य स्तरीय बैंकर्स समिति के प्रभारी दीपक कुमार ने बताया कि यह योजना असंगठित और अनौपचारिक क्षेत्रों में कार्यरत श्रमिकों के लिए विशेष रूप से तैयार की गई है। नियमित रूप से छोटी बचत कर इसके माध्यम से भविष्य के लिए पेंशन कोष तैयार किया जा सकता है।
पेंशन निधि विनियामक एवं विकास प्राधिकरण के रघुवीर सिंह चरण और सुविज्ञ कुमार ने बताया कि एनपीएस संचय खाता ऑनलाइन, बैंक शाखा, लोकमित्र केंद्र या अधिकृत सेवा प्रदाता के माध्यम से खोला जा सकता है। योजना के संबंध में अधिक जानकारी टोल फ्री नंबर 1800110708 से भी प्राप्त की जा सकती है। नाबार्ड के जिला विकास प्रबंधक अशोक चौहान ने स्वयं सहायता समूहों और किसान उत्पादक संगठनों को योजना के लाभ तथा भविष्य की आर्थिक सुरक्षा के बारे में जानकारी दी।
कार्यक्रम में मशरूम अनुसंधान निदेशालय के निदेशक ब्रिज लाल अत्री ने किसानों, किसान उत्पादक संगठनों के सदस्यों और लघु उद्यमियों को मशरूम कृषि से संबंधित जानकारी दी। यूको बैंक की प्रबंधक निवेदिता ने प्रतिभागियों का स्वागत किया, जबकि उप क्षेत्रीय प्रबंधक राजीव शर्मा ने धन्यवाद प्रस्ताव प्रस्तुत किया। इस अवसर पर जिला कृषि अधिकारी अरुण कुमार, विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि, किसान, किसान उत्पादक संगठनों के सदस्य और लघु उद्यमी उपस्थित रहे।