60 साल से अधिक उम्र की महिलाओं को मुफ्त बस यात्रा, उत्तर प्रदेश कैबिनेट की मंजूरी
उत्तर प्रदेश कैबिनेट ने 60 वर्ष और उससे अधिक उम्र की महिलाओं को राज्य सड़क परिवहन निगम की सभी बसों में जीवन भर मुफ्त यात्रा की सुविधा देने के प्रस्ताव को मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में हुई बैठक में ‘लोकमाता अहिल्याबाई मातृशक्ति योजना’ सहित कुल 24 प्रस्ताव स्वीकृत किए गए। इस सुविधा से प्रदेश की एक करोड़ से अधिक महिलाओं को लाभ मिलने की उम्मीद है।
लखनऊ
कैबिनेट से मंजूर प्रस्ताव के अनुसार, पात्र महिलाओं को उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम यानी UPSRTC की बसों में यात्रा के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा। मुफ्त यात्रा की सुविधा प्राप्त करने के लिए आधार कार्ड या वोटर आईडी को मान्य पहचान पत्र के रूप में स्वीकार किया जाएगा। राज्य सरकार ने रक्षाबंधन से पहले इस प्रस्ताव को स्वीकृति दी है। योजना के तहत 60 साल और उससे अधिक उम्र की महिलाओं को आजीवन यह सुविधा उपलब्ध कराने का प्रावधान किया गया है।
हरिद्वार तक बढ़ेगा गंगा एक्सप्रेसवे
कैबिनेट बैठक में गंगा एक्सप्रेसवे को हरिद्वार तक विस्तारित करने के प्रस्ताव को भी मंजूरी दी गई। उपलब्ध जानकारी के अनुसार, इस विस्तार पर 10,761 करोड़ रुपये की लागत आएगी। परियोजना पूरी होने के बाद बिजनौर से हरिद्वार के बीच संपर्क आसान होने की उम्मीद है। इसके साथ ही प्रयागराज और हरिद्वार के बीच तेज और नियंत्रित एक्सप्रेसवे संपर्क स्थापित होगा, जिससे दोनों कुम्भ नगरियों के बीच सड़क कनेक्टिविटी बेहतर हो सकेगी।