Loading...

Election / ऊना के बनगढ़ में चुनावी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट, पुलिस ने दर्ज किए क्रॉस केस

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 28 May 2026 • 1 Min Read

Election : ऊना के मैहतपुर थाना क्षेत्र के बनगढ़ में पंचायत चुनाव से जुड़े विवाद के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना में कई लोगों को चोटें आई हैं, जिनका मेडिकल क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में करवाया गया। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला, रास्ता रोकने और मारपीट के आरोप लगाए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

पंचायत चुनाव विवाद को लेकर दो पक्षों में झड़प

मैहतपुर थाना क्षेत्र के बनगढ़ गांव में पंचायत चुनाव से जुड़े विवाद के दौरान दो पक्षों के बीच मारपीट का मामला सामने आया है। घटना मंगलवार देर रात की बताई जा रही है। दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर हमला करने, रास्ता रोकने और मारपीट के आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। घटना में कई लोगों को चोटें आई हैं, जिनका क्षेत्रीय अस्पताल ऊना में मेडिकल परीक्षण करवाया गया। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग मामले दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पहले पक्ष ने तेजधार हथियार से हमला करने का आरोप लगाया

पहले पक्ष की ओर से निखिल कुमार निवासी बनगढ़ ने मैहतपुर थाना में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के अनुसार मंगलवार रात वह अपने साथियों चमेल सिंह, कुलवंत सिंह और विशाल सिंह के साथ बनगढ़ चौक स्थित एक दुकान के पास बैठा हुआ था। आरोप है कि इसी दौरान दो वाहनों में सवार होकर अरुण कुमार उर्फ रॉनी, उसका बेटा सौरभ, सनम बैंस और अन्य युवक मौके पर पहुंचे। शिकायतकर्ता के अनुसार वहां दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई, जिसके बाद विवाद बढ़ गया। निखिल कुमार ने आरोप लगाया कि दूसरे पक्ष के लोगों ने तलवार और अन्य तेजधार हथियारों से हमला किया। शिकायत में कहा गया है कि जान बचाने के लिए जब वे वहां से हटने लगे तो रास्ता रोककर दोबारा मारपीट की गई। घटना में निखिल कुमार, चमेल सिंह, कुलवंत सिंह और विशाल सिंह को चोटें आई हैं। शिकायतकर्ता के अनुसार आसपास मौजूद महिलाओं ने बीच-बचाव किया और घायलों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया।

दूसरे पक्ष ने रास्ता रोकने और मारपीट का आरोप लगाया

दूसरी ओर सौरव ठाकुर निवासी बनगढ़ ने भी पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के अनुसार वह अपने रिश्तेदारों और कुछ टिप्पर चालकों के साथ बगलामुखी माता मंदिर जा रहा था। आरोप है कि रास्ते में सन्नी, विशाल और निखिल सहित कुछ लोगों ने उनकी गाड़ी रोक ली। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि इसके बाद गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी गई। सौरव ठाकुर के अनुसार जब उसके साथ मौजूद लोगों ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया तो उनके साथ भी हाथापाई हुई। इस घटना में रोहित कुमार और गुरप्रीत सिंह को चोटें आई हैं। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि पंचायत चुनाव को लेकर चल रहे विवाद और आपसी रंजिश के कारण यह घटना हुई।

पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ दर्ज किए मामले

मैहतपुर पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज कर ली हैं। पुलिस अधिकारियों के अनुसार मामले में मारपीट, रास्ता रोकने और अन्य संबंधित धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने घटनास्थल से जुड़े तथ्यों की जांच शुरू कर दी है और दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि मेडिकल रिपोर्ट और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान भी जांच का हिस्सा बनाए जाएंगे। पुलिस का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच के बाद तथ्यों के आधार पर आगामी कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

Related Topics: