Election Result / सिरमौर जिला परिषद के 17 वार्डों के नतीजे घोषित, नए नेतृत्व की तस्वीर साफ
Election Result : सिरमौर जिला परिषद के सभी 17 वार्डों के चुनाव परिणाम घोषित होने के साथ ही नए नेतृत्व की तस्वीर लगभग साफ हो गई है। कई वार्डों में कड़े मुकाबले देखने को मिले, जबकि कई उम्मीदवारों ने एकतरफा जीत दर्ज की। चुनाव परिणामों में महिला उम्मीदवारों का प्रभाव भी प्रमुख रूप से सामने आया है और अब जिला परिषद अध्यक्ष व उपाध्यक्ष पद के समीकरणों पर नजरें टिकी हैं।
नाहन
सिरमौर जिला परिषद के सभी 17 वार्डों के चुनाव परिणाम सोमवार को घोषित कर दिए गए। नतीजों के साथ ही जिला परिषद में नए नेतृत्व की तस्वीर भी लगभग साफ हो गई है। कई वार्डों में कांटे की टक्कर देखने को मिली, जबकि कुछ क्षेत्रों में उम्मीदवारों ने एकतरफा जीत दर्ज कर अपनी राजनीतिक पकड़ का परिचय दिया।जारी परिणामों के अनुसार नौहरा वार्ड से हंसराज, दानाघाटों से अंकिता ठाकुर, रास्त से सुनीता देवी, शिलाई से इंदू, टटियाणा से बलबीर सिंह, सतौन से खतरी सिंह, भगानी से शिवानी, भाटांवाली से रोहित चौधरी, पातलियों से अरीकेश जंग तथा धौलाकुआं से भगवान दास विजयी रहे।
इसी प्रकार बनकला वार्ड से अंकिता शर्मा, त्रिलोकपुर से प्रोमिला देवी, ददाहू से शिवानी, सराहां से बलदेव सिंह, लाना भलटा से लेख राज, करगाणू से रीतू बाला तथा नेरी कोटली से सरोज बाला ने जीत दर्ज कर जिला परिषद में अपनी जगह बनाई है।इस बार के चुनाव परिणामों में महिला उम्मीदवारों का प्रभाव विशेष रूप से देखने को मिला। 17 में से कई वार्डों में महिला प्रत्याशियों ने जीत हासिल कर स्थानीय राजनीति में अपनी मजबूत उपस्थिति दर्ज कराई है। परिणाम घोषित होते ही विभिन्न क्षेत्रों में समर्थकों ने जीत का जश्न मनाया और विजयी उम्मीदवारों को बधाइयों का सिलसिला शुरू हो गया।
जिला के आठ विकास खंडों से जुड़े इन चुनावों के परिणामों पर अब सबकी निगाहें जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष पद के समीकरणों पर टिक गई हैं। आने वाले दिनों में राजनीतिक दलों और समर्थित सदस्यों के बीच बैठकों का दौर तेज होने की संभावना है।