Loading...

Election / अंतिम चरण में सिरमौर ने दिखाया लोकतंत्र के प्रति उत्साह, 48.35 प्रतिशत मतदान दर्ज

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन2 • 56 Mins Ago • 1 Min Read

Election : जिले में पंचायती राज चुनाव के तीसरे और अंतिम चरण में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए 48.35 प्रतिशत मतदान दर्ज कराया। बुजुर्ग, दिव्यांग और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं ने भी लोकतंत्र के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाते हुए मतदान में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

नाहन

जिला सिरमौर में पंचायती राज चुनाव के तीसरे एवं अंतिम चरण के मतदान में मतदाताओं ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए लोकतंत्र के महापर्व को सफल बनाया। जिले में कुल 48.35 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। पुरुष मतदाताओं का मतदान प्रतिशत 49.87 प्रतिशत जबकि महिलाओं का मतदान प्रतिशत 46.67 प्रतिशत रहा।

उपमंडलवार आंकड़ों पर नजर डालें तो कमरऊ विकास खंड में सबसे अधिक 54.95 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया। इसके बाद शिलाई में 51.71 प्रतिशत, पांवटा साहिब में 49.36 प्रतिशत, राजगढ़ में 48.58 प्रतिशत तथा संगड़ाह में 47.81 प्रतिशत मतदान हुआ। वहीं ददाहू में 45.70 प्रतिशत, पच्छाद में 45.59 प्रतिशत और नाहन विकास खंड में 43.39 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया।

तीसरे चरण के मतदान के दौरान बुजुर्गों, दिव्यांगों और पहली बार मतदान करने वाले युवाओं ने भी लोकतंत्र के प्रति अपनी आस्था का परिचय दिया। नागल गांव की 85 वर्षीय जय देवी, जामनीवाला पंचायत की 85 वर्षीय निर्मल कौर, 77 वर्षीय अमृत कौर तथा देवनी पंचायत के खदरी गांव की सुखदेवी ने मतदान केंद्र पहुंचकर अपने मताधिकार का प्रयोग किया और युवा पीढ़ी को मतदान का संदेश दिया।

वहीं सेनवाला पंचायत के मोहम्मद इकराम ने अपनी जिंदगी का पहला वोट डालते हुए लोकतंत्र की मजबूती में युवाओं की भागीदारी को महत्वपूर्ण बताया। इसी पंचायत के 62 वर्षीय शारीरिक रूप से अक्षम रामगोपाल ने भी मतदान केंद्र पहुंचकर अपना वोट डाला और यह साबित किया कि लोकतंत्र के प्रति जिम्मेदारी किसी भी शारीरिक चुनौती से बड़ी होती है।

दूर-दराज के ग्रामीण क्षेत्रों से लेकर दुर्गम पहाड़ी इलाकों तक मतदाताओं की भागीदारी ने यह स्पष्ट कर दिया कि पंचायत चुनाव केवल प्रतिनिधियों के चयन का माध्यम नहीं, बल्कि ग्रामीण लोकतंत्र की सबसे मजबूत नींव हैं। बुजुर्गों के जज्बे, युवाओं के उत्साह और दिव्यांग मतदाताओं की दृढ़ इच्छाशक्ति ने तीसरे चरण के मतदान को यादगार बना दिया।

Related Topics: