FIR: Shimla : बुजुर्ग महिला की आंखों में मिर्ची पाऊडर डालकर सोने की बालियां ले गया शातिर
FIR: शिमला जिले के कुमारसैन क्षेत्र में एक अज्ञात आरोपी ने 61 वर्षीय महिला की आंखों में मिर्च पाउडर डालकर उनके कानों से सोने की बालियां लूट लीं। घटना के बाद आरोपी जंगल और पहाड़ी रास्तों से फरार हो गया। महिला को नारकंडा अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया है। नारकंडा पुलिस चौकी में भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी गई है।
शिमला/कुमारसैन
घटना 14 सितंबर की बताई गई है। ग्राम पंचायत कोट शिलारू के लतयाणा गांव की 61 वर्षीय सुनो देवी अपने मायके कंडयाली जा रही थीं। पुलिस को संदेह है कि आरोपी पहले से सड़क पर घूम रहा था और महिला पर नजर रखे हुए था। महिला जैसे ही मुख्य सड़क से नीचे जंगल के सुनसान रास्ते पर उतरीं, आरोपी ने पीछे से आकर उनकी आंखों में मिर्च पाउडर डाल दिया। इसके बाद वह दोनों कानों से सोने की बालियां निकालकर मुख्य सड़क की ओर भाग गया।
स्थानीय लोगों ने किया पीछा
आंखों में तेज जलन और दर्द के बावजूद सुनो देवी किसी तरह मुख्य सड़क तक पहुंचीं और वहां मौजूद लोगों को घटना की जानकारी दी। स्थानीय लोगों ने आरोपी का पीछा करने का प्रयास किया, लेकिन वह जंगल और पहाड़ी रास्तों का लाभ उठाकर फरार हो गया। महिला को नारकंडा अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। पीड़िता के अनुसार आरोपी की उम्र करीब 25 से 26 वर्ष थी और उसने सफेद चेकदार कमीज तथा काली पैंट पहन रखी थी।
शिलारू पंचायत के प्रधान रोशन ठाकुर ने बताया कि घटना के बाद ग्रामीणों में रोष है। उनके अनुसार इससे पहले ओडी क्षेत्र में भी एक महिला के साथ इसी तरीके से लूट की वारदात हो चुकी है। पीड़िता के बेटे सुभाष और पंचायत प्रधान ने पुलिस से आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की मांग की है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में लगातार सामने आ रही ऐसी घटनाओं को लेकर चिंता जताई है और पुलिस से सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का आग्रह किया है।
संदिग्ध लोगों से पूछताछ
एसएसपी गौरव सिंह ने मामला दर्ज होने की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस टीम घटनास्थल और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है। क्षेत्र में घूमने वाले संदिग्ध लोगों को भी पूछताछ के लिए बुलाया जा रहा है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों और आरोपी की पहचान के संबंध में जानकारी जुटा रही है। नारकंडा पुलिस चौकी में अज्ञात आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।