Election / कालाअंब पंचायत चुनाव में विकास और नशा मुक्त पंचायत के विजन पर मैदान में सोमनाथ भाटिया
Election : रोजगार, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था और नशा मुक्त पंचायत जैसे मुद्दों को लेकर उप-प्रधान पद के उम्मीदवार सोमनाथ भाटिया चुनाव मैदान में सक्रिय नजर आ रहे हैं। लगातार जनसंपर्क अभियान के चलते चुनावी माहौल भी दिलचस्प बना हुआ है।
कालाअंब
औद्योगिक क्षेत्र कालाअंब में इस बार पंचायत चुनाव विकास, रोजगार और मूलभूत सुविधाओं के मुद्दों पर केंद्रित नजर आ रहे हैं। उप-प्रधान पद के उम्मीदवार सोमनाथ भाटिया ने रोजगार, स्वच्छता, पेयजल व्यवस्था और नशा मुक्त पंचायत जैसे मुद्दों को प्रमुखता से उठाकर चुनावी माहौल में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करवाई है। लगातार बढ़ते जनसंपर्क और समर्थन ने चुनावी मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है।
साधारण, शिक्षित और मिलनसार छवि वाले सोमनाथ भाटिया को गांवों में लोगों का अच्छा सहयोग मिलता दिखाई दे रहा है। जनसंपर्क अभियान के दौरान महिलाओं, युवाओं और बुजुर्गों का उनके प्रति उत्साह साफ नजर आ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कालाअंब जैसे बड़े औद्योगिक क्षेत्र में वर्षों से स्थानीय युवाओं को रोजगार में अपेक्षित प्राथमिकता नहीं मिल पाई, लेकिन पहली बार कोई प्रत्याशी इस मुद्दे को गंभीरता से उठा रहा है।
सोमनाथ भाटिया ने स्पष्ट कहा कि कालाअंब में स्थापित उद्योगों में 70 प्रतिशत रोजगार हिमाचली युवाओं को मिलना नियमों के तहत अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि यदि जनता उन्हें उप-प्रधान बनाती है तो वे प्रशासन और उद्योग प्रबंधन के साथ समन्वय स्थापित कर स्थानीय युवाओं को रोजगार में प्राथमिकता दिलाने के लिए लगातार संघर्ष करेंगे, ताकि क्षेत्र के बेरोजगार युवाओं को यहीं बेहतर अवसर मिल सकें।
उन्होंने पंचायत की मूलभूत सुविधाओं को लेकर भी बड़ा विजन सामने रखा। भाटिया ने कहा कि पंचायत के हर क्षेत्र में स्वच्छ पेयजल की नियमित व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी। साथ ही जलभराव, गंदगी और सीवरेज जैसी समस्याओं के स्थायी समाधान के लिए आधुनिक सफाई व्यवस्था और बेहतर कचरा प्रबंधन प्रणाली लागू करवाने का प्रयास किया जाएगा।
नशे के बढ़ते खतरे पर चिंता जाहिर करते हुए उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को नशे से बचाना समय की सबसे बड़ी जरूरत है। इसके लिए पंचायत स्तर पर जागरूकता अभियान चलाए जाएंगे और युवाओं को खेल गतिविधियों की ओर प्रेरित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बच्चों के लिए स्वच्छ, सुरक्षित और प्रदूषण मुक्त वातावरण तैयार करना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा।
बुजुर्गों के सम्मान और स्वास्थ्य सुविधाओं को लेकर भी सोमनाथ भाटिया ने विशेष योजनाओं का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर नियमित स्वास्थ्य शिविर आयोजित करवाने और सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए गंभीर प्रयास किए जाएंगे, ताकि बुजुर्गों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।
चुनावी माहौल के बीच सोमनाथ भाटिया ने पंचायत की जनता से अपील करते हुए कहा कि यदि कालाअंब को साफ, विकसित, रोजगार युक्त और नशा मुक्त पंचायत बनाना है तो उनके चुनाव चिन्ह ‘पिलर हीटर’ के सामने मोहर लगाकर उन्हें भारी मतों से विजयी बनाएं।

