हादसा / बिलासपुर में छत की रेलिंग बनी काल, करंट लगने से 25 वर्षीय युवक की दर्दनाक मौत
हादसा / बिलासपुर जिले के घुमारवीं उपमंडल के दधोल कलां गांव में शुक्रवार को एक दर्दनाक हादसे में 25 वर्षीय युवक की जान चली गई। घर की छत पर लगी लोहे की रेलिंग में करंट आने से युवक पहले बिजली की चपेट में आया और फिर संतुलन बिगड़ने से नीचे गिर गया। गंभीर रूप से घायल युवक को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
बिलासपुर/घुमारवीं
जानकारी के अनुसार ग्राम पंचायत दधोल के दधोल कलां निवासी पंकज शुक्रवार दोपहर अपने घर की छत पर किसी कार्य से गया था। इसी दौरान छत पर लगी लोहे की रेलिंग में अचानक करंट प्रवाहित हो गया। रेलिंग के संपर्क में आते ही उसे जोरदार बिजली का झटका लगा, जिससे वह अपना संतुलन खो बैठा और छत से नीचे गिर गया। हादसे में उसे गंभीर चोटें आईं।
इलाज के दौरान नहीं बच सकी जान
घटना के तुरंत बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने घायल युवक को नजदीकी निजी स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे उच्च स्वास्थ्य संस्थान रेफर कर दिया। इसके बाद उसे घुमारवीं के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों के प्रयासों के बावजूद उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
इकलौते बेटे की मौत से परिवार सदमे में
बताया जा रहा है कि पंकज अपने परिवार का इकलौता बेटा और प्रमुख सहारा था। उसकी असमय मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। घटना की सूचना मिलते ही पूरे दधोल कलां और आसपास के क्षेत्रों में शोक की लहर फैल गई। स्थानीय लोगों ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदनाएं व्यक्त करते हुए प्रशासन से ऐसे हादसों की रोकथाम के लिए आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित करने की मांग की है।