Loading...

Employee / करवाचौथ पर पुरुष कर्मचारियों को भी अवकाश, ऊना में फैसले का स्वागत

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Employee / करवाचौथ पर पुरुष कर्मचारियों को भी अवकाश देने के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के फैसले का ऊना में कर्मचारियों ने स्वागत किया है। कर्मचारियों का कहना है कि इस निर्णय से नौकरी के कारण घर से दूर रहने वाले पुरुष कर्मचारी परिवार के साथ त्योहार मना सकेंगे और करवाचौथ की पारिवारिक रस्मों में शामिल हो पाएंगे। कर्मचारियों ने दिवाली से पहले पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता देने के फैसले की भी सराहना की है।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

कर्मचारियों ने कहा कि इससे पहले करवाचौथ और रक्षाबंधन जैसे त्योहारों पर महिला कर्मचारियों को अवकाश मिलता था, जबकि पुरुष कर्मचारियों को छुट्टी नहीं मिलने से कई परिवार साथ मिलकर त्योहार नहीं मना पाते थे। उनके अनुसार पुरुष कर्मचारियों को भी अवकाश मिलने से परिवार के सभी सदस्यों को एक साथ त्योहार मनाने का अवसर मिलेगा। उन्होंने रक्षाबंधन पर पुरुष कर्मचारियों को अवकाश देने के पिछले निर्णय का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री का आभार जताया।

त्योहार की तैयारियों में मिल सकेगा सहयोग

राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय-2 ऊना के वाइस प्रिंसिपल सुरेंद्र मोहन ने कहा कि करवाचौथ पर पुरुष कर्मचारियों को अवकाश मिलने से वे परिवार के साथ समय बिता सकेंगे। इससे पति-पत्नी साथ मिलकर खरीदारी और त्योहार की अन्य तैयारियां कर पाएंगे। उन्होंने कहा कि नौकरी के कारण घर से दूर रहने वाले कर्मचारी भी चांद देखने और व्रत खोलने जैसी पारिवारिक परंपराओं में शामिल हो सकेंगे। इससे परिवारों को त्योहार की तैयारियों और रस्मों में एक-दूसरे का सहयोग करने का अवसर मिलेगा।

विकास खंड अम्ब में एलएसईओ के पद पर कार्यरत शबनम ने कहा कि महिला कर्मचारियों को करवाचौथ पर अवकाश मिलता था, लेकिन पतियों को छुट्टी नहीं होने के कारण कई बार परिवार साथ त्योहार नहीं मना पाता था। पुरुष कर्मचारियों को भी अवकाश देने से यह स्थिति बदलेगी और परिवारों को साथ रहने का अवसर मिलेगा। उन्होंने करवाचौथ और रक्षाबंधन पर अवकाश के साथ दिवाली से पहले पांच प्रतिशत महंगाई भत्ता देने के फैसले के लिए भी मुख्यमंत्री का आभार जताया।

Related Topics: •