ऊना के 16 स्कूलों में बच्चों को अधिकारों और संरक्षण कानूनों की दी जानकारी
ऊना जिले के 16 स्कूलों में सुरक्षित बचपन अभियान 2026 के तहत विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बच्चों की सुरक्षा और बाल संरक्षण से जुड़े कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी गई। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना की ओर से बुधवार को आयोजित कार्यक्रमों का विषय “जागरूक बचपन, सशक्त भारत” रहा। इस दौरान सुरक्षित एवं संरक्षित बचपन का महत्व समझाने के साथ कुछ विद्यालयों में चित्रकला प्रतियोगिताएं भी करवाई गईं।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण ऊना की सचिव शिखा लखनपाल ने शिवालिक पब्लिक स्कूल टनोह में विद्यार्थियों को जागरूक किया। न्यायिक दंडाधिकारी प्रथम श्रेणी ऊना ईशा अग्रवाल ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बसोली, न्यायिक दंडाधिकारी तृतीय श्रेणी ऊना अनुलेखा तंवर ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय जखेड़ा और अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी अम्ब जतिंदर सिंह ने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय नेहरियां में कार्यक्रम आयोजित कर बच्चों को उनके अधिकारों तथा सुरक्षा संबंधी कानूनी प्रावधानों की जानकारी दी।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गोंदपुर बनेहड़ा में सहायक विधिक सहायता बचाव अधिवक्ता सुमेधा शर्मा ने विद्यार्थियों को बाल अधिकारों और सुरक्षित बचपन के विषय में बताया। यहां जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से चित्रकला प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बाथू में सहायक विधिक सहायता बचाव अधिवक्ता परवीन कुमारी ने कार्यक्रम का संचालन किया। पैनल अधिवक्ता केशव कुमार चंदेल ने पंडोगा, राज कुमारी ने भंजाल और कार्तिक सोंखला ने थाथल के राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालयों में विद्यार्थियों को जागरूक किया।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बालक संतोषगढ़ में पैनल अधिवक्ता नीरज कुमार और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय कन्या संतोषगढ़ में मुख्य विधिक सहायता बचाव अधिवक्ता राकेश कुमार ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। कन्या विद्यालय में चित्रकला प्रतियोगिता भी करवाई गई। इसके अतिरिक्त राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय धमांदरी में शिवांगनी राणा, सेंट मीरा पब्लिक स्कूल पालकवाह में नेहा पुरी और सेंट डीआर पब्लिक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय गगरेट में पैनल अधिवक्ता अनीता देवी ने विद्यार्थियों को बाल संरक्षण के विभिन्न पहलुओं से अवगत करवाया।
डीएवी पब्लिक मॉडल स्कूल कालू दी बार में पैनल अधिवक्ता राकेश कुमार और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय दौलतपुर चौक में पैनल अधिवक्ता नितिका ठाकुर ने जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव ने बताया कि अभियान में विद्यार्थियों को बाल अधिकारों, बच्चों की सुरक्षा और बाल संरक्षण से संबंधित कानूनी प्रावधानों के प्रति जागरूक करने पर विशेष बल दिया जा रहा है। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों को अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाना और सुरक्षित वातावरण के महत्व की जानकारी देना है।