Loading...

Pensioners / रक्षा पेंशनभोगी 30 नवंबर तक जमा करें जीवन प्रमाणपत्र, ऊना में मिलेगी विशेष मदद

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Hour Ago • 1 Min Read

Pensioners / ऊना जिले के रक्षा पेंशनभोगियों के लिए 1 से 30 नवंबर तक डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र अभियान 5.0 चलाया जाएगा। इस अवधि में वार्षिक पहचान सत्यापन पूरा करना जरूरी होगा, ताकि पेंशन का भुगतान निर्बाध रूप से जारी रहे। स्पर्श सेवा केंद्र ऊना में 80 वर्ष से अधिक आयु के अति वरिष्ठ नागरिकों, बुजुर्गों और महिला पेंशनभोगियों को विशेष सहायता भी उपलब्ध करवाई जाएगी।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

स्पर्श सेवा केंद्र ऊना के प्रभारी अमित छाबड़ा ने बताया कि भारत सरकार के रक्षा मंत्रालय के अधीन संचालित केंद्र के माध्यम से थल सेना, वायु सेना, नौसेना, रक्षा लेखा विभाग और अन्य संबंधित श्रेणियों के पेंशनभोगी अपना डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा करवा सकते हैं। स्पर्श के माध्यम से पेंशन प्राप्त कर रहे जिन लाभार्थियों को वार्षिक पहचान सत्यापन का संदेश मिल रहा है, उन्हें निर्धारित अवधि में यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी।

इन माध्यमों से जमा होगा प्रमाणपत्र

रक्षा पेंशनभोगी स्पर्श सेवा केंद्र ऊना, नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर या स्मार्टफोन पर ‘आधार फेस आरडी’ ऐप के माध्यम से डिजिटल जीवन प्रमाणपत्र जमा करवा सकेंगे। पेंशनभोगियों की सुविधा के लिए भौतिक जीवन प्रमाणपत्र जमा करवाने का विकल्प भी उपलब्ध रहेगा। केंद्र तक पहुंचने में असमर्थ पेंशनभोगियों के मामलों में निर्धारित नियमों और स्थानीय व्यवस्थाओं के अनुसार आवश्यक समन्वय किया जाएगा।

स्पर्श सेवा केंद्र ने सभी पात्र रक्षा पेंशनभोगियों से अभियान की अवधि के भीतर वार्षिक पहचान सत्यापन पूरा करवाने का आग्रह किया है। समय पर जीवन प्रमाणपत्र जमा होने से पेंशन जारी रहने में किसी प्रकार की असुविधा से बचा जा सकेगा। अति वरिष्ठ नागरिकों, बुजुर्गों और महिला पेंशनभोगियों को प्रक्रिया पूरी करने के दौरान विशेष सहायता देने की व्यवस्था भी रहेगी।

Related Topics: •