माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव 22 से 24 नवंबर तक, कलाकारों के ऑडिशन 12-13 को
माता श्री चिंतपूर्णी महोत्सव 22 से 24 नवंबर तक उपमंडल अम्ब के मेला मैदान में आयोजित किया जाएगा। सांस्कृतिक संध्याओं में भाग लेने के इच्छुक कलाकारों के ऑडिशन 12 और 13 नवंबर को महाराणा प्रताप कॉलेज, अम्ब में होंगे। उपायुक्त ऊना जतिन लाल ने संबंधित विभागों को श्रद्धालुओं, पर्यटकों और स्थानीय लोगों की सुविधा से जुड़ी सभी व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से पूरी करने के निर्देश दिए हैं।
ऊना/अम्ब/वीरेंद्र बन्याल
महोत्सव का शुभारंभ 22 नवंबर को माता श्री चिंतपूर्णी मंदिर से निकलने वाली शोभायात्रा के साथ होगा, जो एसडीएम कार्यालय अम्ब तक पहुंचेगी। शुभारंभ समारोह में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू और समापन समारोह में उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आगमन प्रस्तावित है। उपायुक्त ने बीडीओ कार्यालय अम्ब के सभागार में संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों के लिए आवेदन प्रक्रिया
महोत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में भाग लेने के इच्छुक कलाकार एसडीएम कार्यालय अम्ब में आवेदन जमा करवा सकते हैं। आवेदन ई-मेल matashrichintpurnimahotsav@gmail.com पर भी भेजे जा सकते हैं। नामी कलाकारों के साथ राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में भाग ले चुके प्रतिभागियों और पुरस्कार विजेताओं को ऑडिशन से छूट दी जाएगी। आयोजन में सांस्कृतिक संध्याओं, लोक-कलाओं की प्रस्तुतियों, खेल प्रतियोगिताओं और जनसहभागिता से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों को शामिल किया जाएगा।
उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि आयोजन से जुड़े कार्यों को तय समय में पूरा करने के लिए विभिन्न विभागों की टीमें गठित की जाएंगी। इन टीमों के आपसी समन्वय से सभी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित किए जाएंगे। बैठक में बीडीसी चेयरमैन शारदा देवी, एसडीएम अम्ब पारस अग्रवाल, डीएसपी अनिल पटियाल, बीडीओ अम्ब ओमपाल डोगरा और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।