Loading...

उचित मूल्य की दुकानों के नियमित निरीक्षण व खाद्यान्नों के सुरक्षित भंडारण के निर्देश

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 7 Jul 2026 • 1 Min Read

जिले की सभी उचित मूल्य की दुकानों का नियमित निरीक्षण करने और बरसात के मौसम में खाद्यान्नों का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। सार्वजनिक वितरण प्रणाली को प्रभावी बनाए रखने, समय पर राशन वितरण और अनियमितताओं पर कार्रवाई को लेकर समीक्षा बैठक में विस्तृत चर्चा की गई। जिले में निरीक्षण अभियान के दौरान अनियमितताओं पर जुर्माना भी लगाया गया।

नाहन

उपायुक्त प्रियंका वर्मा ने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग को जिले की सभी उचित मूल्य की दुकानों का नियमित निरीक्षण करने तथा बरसात के मौसम को देखते हुए खाद्यान्नों का सुरक्षित भंडारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। यह निर्देश सोमवार को उपायुक्त कार्यालय नाहन में आयोजित जिला स्तरीय सतर्कता समिति तथा जिला स्तरीय सार्वजनिक वितरण समिति की समीक्षा बैठक में दिए गए।बैठक में बताया गया कि राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम-2013 के तहत जिला सिरमौर में ग्रामीण क्षेत्र के 2,29,445 तथा शहरी क्षेत्र के 12,360 लाभार्थियों का चयन किया जा चुका है। उपायुक्त ने कहा कि पात्र लोगों तक खाद्यान्न समय पर और गुणवत्तापूर्ण ढंग से पहुंचे, इसके लिए निगरानी व्यवस्था और मजबूत की जाए।

जिला नियंत्रक खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले शमशेर सिंह ने बताया कि अंत्योदय अन्न योजना के तहत पात्र परिवारों को प्रति राशन कार्ड 18.8 किलोग्राम गेहूं का आटा और 15 किलोग्राम चावल निःशुल्क उपलब्ध कराया जा रहा है। वहीं प्राथमिक गृहस्थी श्रेणी के लाभार्थियों को प्रति व्यक्ति निर्धारित मात्रा में गेहूं का आटा और चावल निःशुल्क दिए जा रहे हैं। एपीएल परिवारों को भी निर्धारित रियायती दरों पर राशन उपलब्ध कराया जा रहा है।
बैठक में बताया गया कि एक नवंबर 2025 से 31 मई 2026 तक जिले की 379 उचित मूल्य की दुकानों के माध्यम से 1,35,899 राशन कार्डधारकों को 62,228 क्विंटल चावल, 1,01,676 क्विंटल आटा, 12,510 क्विंटल दालें, 9,87,162 लीटर खाद्य तेल, 12,142 क्विंटल चीनी तथा 3,079 क्विंटल नमक वितरित किया गया।

शमशेर सिंह ने बताया कि नवंबर 2025 से मई 2026 तक 2,187 निरीक्षण किए गए, जिनमें 28 मामलों में अनियमितताएं पाई गईं। संबंधित मामलों में 40,458 रुपये का जुर्माना वसूलकर सरकारी कोष में जमा कराया गया। उन्होंने बताया कि जिले में 16 गैस एजेंसियों के माध्यम से 1,62,654 उपभोक्ताओं को गैस आपूर्ति की जा रही है। वहीं वर्ष 2025-26 के दौरान धौला कुआं और एपीएमसी पांवटा साहिब खरीद केंद्रों के माध्यम से न्यूनतम समर्थन मूल्य पर 19,777 क्विंटल गेहूं की खरीद भी की गई।बैठक में नगर परिषद नाहन की अध्यक्ष उपमा धीमान, जिला कार्यक्रम अधिकारी पवन कुमार, उपनिदेशक प्रारंभिक शिक्षा राजीव ठाकुर, क्षेत्रीय प्रबंधक राज्य आपूर्ति निगम नरेश कुमार, वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी संजय कुमार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।