जटहेड़ी स्कूल के अनिरुद्ध शर्मा ने रंगोत्सव प्रतियोगिता में लहराया परचम
उप मंडल बंगाणा के अंतर्गत आने वाले राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला जटहेड़ी के छठी कक्षा के होनहार छात्र अनिरुद्ध शर्मा ने अपनी कला प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन करते हुए हाल ही में आयोजित रंगोत्सव प्रतियोगिता में 2डी पेंटिंग के अंतर्गत ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान हासिल कर विद्यालय और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। अनिरुद्ध की इस उपलब्धि से विद्यालय में खुशी और उत्साह का माहौल है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल/हिमाचल नाऊ न्यूज।
अनिरुद्ध शर्मा की इस शानदार सफलता पर विद्यालय के प्रधानाचार्य विजय सिंह तथा समस्त स्कूल स्टाफ ने उन्हें हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि अनिरुद्ध ने अपनी रचनात्मक सोच, कलात्मक प्रतिभा और मेहनत के दम पर यह उपलब्धि हासिल की है, जो अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणादायक है।
विद्यालय प्रबंधन ने इस सफलता का श्रेय स्कूल के कला अध्यापक पंकज कुमार के कुशल मार्गदर्शन और मेहनत को भी दिया। उन्होंने कला अध्यापक की सराहना करते हुए कहा कि विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने और उन्हें आगे बढ़ने के अवसर प्रदान करने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। विद्यालय परिवार ने अनिरुद्ध को आगामी जिला स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए उम्मीद जताई कि वह वहां भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर विद्यालय का गौरव बढ़ाएगा।
वहीं, विद्यालय की एसएमसी के प्रधान कुलदीप शर्मा ने अनिरुद्ध की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में स्थित विद्यालय के विद्यार्थी का ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त करना पूरे क्षेत्र के लिए हर्ष और गर्व का विषय है। उन्होंने कहा कि इस प्रकार की उपलब्धियां साबित करती हैं कि उचित मार्गदर्शन, मेहनत और प्रोत्साहन मिलने पर ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाएं भी अपनी अलग पहचान बना सकती हैं।
अनिरुद्ध शर्मा की इस सफलता पर विद्यालय परिवार, अभिभावकों और क्षेत्रवासियों में खुशी की लहर है। सभी ने उसके उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए जिला स्तरीय प्रतियोगिता में बेहतर प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं।