पटवारी परीक्षा / कड़ा-कृपाण न उतारने पर अमृतधारी सिख अभ्यर्थी को रोकने का आरोप, विशेष परीक्षा की मांग
पटवारी परीक्षा / सोलन स्थित देवभूमि ऑनलाइन परीक्षा केंद्र में कड़ा और कृपाण नहीं उतारने पर एक अमृतधारी सिख अभ्यर्थी को कथित तौर पर परीक्षा में बैठने से रोकने का मामला सामने आया है। भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष गुरमीत सिंह ने प्रदेश सरकार से मामले की निष्पक्ष जांच कराने, प्रभावित अभ्यर्थी के लिए विशेष परीक्षा आयोजित करने और धार्मिक आस्था से जुड़े परीक्षा निर्देशों में संशोधन की मांग की है।
पांवटा साहिब
गुरमीत सिंह ने पत्रकार वार्ता में कहा कि उन्हें सुबह करीब साढ़े सात बजे सरदार गुरदीप सिंह गैरी के माध्यम से घटना की जानकारी मिली। अभ्यर्थी से बातचीत में पता चला कि परीक्षा केंद्र पर उसे कड़ा और कृपाण उतारने के लिए कहा गया था। अमृतधारी सिख होने के कारण उसने धार्मिक प्रतीकों को उतारने से इनकार कर दिया, जिसके बाद उसे परीक्षा में बैठने की अनुमति नहीं दी गई। पत्रकार वार्ता के दौरान अभ्यर्थी के पिता सरदार विचित्र सिंह भी उपस्थित रहे।
गुरमीत सिंह के अनुसार, परीक्षा केंद्र के संचालक से इस संबंध में बात की गई तो सरकारी निर्देशों का हवाला दिया गया, लेकिन संबंधित अधिसूचना की प्रति उपलब्ध नहीं कराई गई। उन्होंने प्रदेश सरकार से स्पष्ट करने को कहा कि किस आदेश के आधार पर अभ्यर्थी को परीक्षा से वंचित किया गया। उन्होंने कहा कि यह विषय अभ्यर्थी के भविष्य के साथ धार्मिक स्वतंत्रता और संवैधानिक अधिकारों से भी जुड़ा है, इसलिए सरकार को पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच करानी चाहिए।
परीक्षा निर्देशों की समीक्षा की मांग
गुरमीत सिंह ने संविधान के अनुच्छेद 25 का उल्लेख करते हुए कहा कि कृपाण धारण करना सिख धर्म के पालन का हिस्सा माना गया है। परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था तय करते समय संवैधानिक अधिकारों और धार्मिक मान्यताओं का सम्मान होना चाहिए। उन्होंने परीक्षा संबंधी निर्देशों में महिलाओं के मंगलसूत्र और चूड़ियों पर कथित प्रतिबंध को लेकर भी सवाल उठाए तथा सरकार से धार्मिक एवं सांस्कृतिक मान्यताओं से जुड़े ऐसे निर्देशों की समीक्षा करने की मांग की।
उन्होंने मांग की कि प्रभावित अभ्यर्थी के लिए विशेष पटवारी परीक्षा आयोजित की जाए और मौजूदा दिशा-निर्देशों में आवश्यक संशोधन किया जाए। उनका कहना था कि स्पष्ट एवं संवेदनशील नियम बनाए जाने चाहिए, ताकि भविष्य में किसी अभ्यर्थी को धार्मिक आस्था के कारण परीक्षा से वंचित न होना पड़े। उन्होंने इस मामले में सरकार से जवाब देने और परीक्षा केंद्र पर लागू आदेश की स्थिति सार्वजनिक करने की भी मांग की।