FIR / सिरमौर में सड़क हादसे, मारपीट और सड़क अवरुद्ध करने के तीन मामलों में पुलिस ने दर्ज किए केस
FIR : सिरमौर जिले में पुलिस ने अलग-अलग थाना क्षेत्रों में तीन मामलों में एफआईआर दर्ज की है। इनमें पुरुवाला थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में एक युवक की मौत का मामला, जबकि श्री रेणुका जी थाना क्षेत्र में मारपीट और सड़क पर निर्माण सामग्री डालकर आवागमन बाधित करने के दो अलग-अलग मामले शामिल हैं। तीनों मामलों में पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सिरमौर
सड़क हादसे में चालक की मौत, एक अन्य घायल
पुलिस थाना पुरुवाला में दर्ज शिकायत के अनुसार 29 जुलाई की रात करीब 8:30 बजे पुरुवाला चौक के समीप सालवाला रोड पर मोटरसाइकिल संख्या HP17H-8721 के चालक रवि ने कथित रूप से तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाते हुए अचानक ब्रेक लगा दिए। इससे मोटरसाइकिल चालक रवि कुमार और पीछे बैठे चंद किशोर सड़क पर गिरकर घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने दोनों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान रवि कुमार निवासी रक्सौल, बिहार की मौत हो गई। पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
पुरानी रंजिश में मारपीट का आरोप
पुलिस थाना श्री रेणुका जी में राकेश निवासी गांव गावड़ा, डाकघर कांगटा फैलग, तहसील ददाहू ने शिकायत दर्ज करवाई कि जलाल पुल के पास करण निवासी कटाह और तरुण निवासी चुली ने कथित रूप से पुरानी रंजिश के चलते उसे रोककर लात-घूंसों और डंडों से मारपीट की। शिकायतकर्ता के अनुसार इस घटना में उसे चोटें आई हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सड़क पर रेत और ईंटें डालकर आवागमन बाधित करने पर केस
एक अन्य मामले में श्री रेणुका जी थाना पुलिस गश्त के दौरान पनार चौक के समीप मधुबन कॉलोनी रोड पर पहुंची तो सड़क पर रेत और ईंटें बिखरी हुई मिलीं, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हो रही थी। पूछताछ में यह निर्माण सामग्री प्रेम सिंह निवासी गांव पनार, तहसील ददाहू की पाई गई। पुलिस ने संबंधित व्यक्ति के खिलाफ सड़क अवरुद्ध करने के आरोप में मामला दर्ज कर आगामी जांच शुरू कर दी है।