Loading...

बद्दी के बालद खड्ड पुल के पास भड़की आग, दो दर्जन झुग्गियां राख

हिमाचलनाउ डेस्क • 5 Apr 2025 • 1 Min Read

बीबीएन में गर्मियों के साथ आग की घटनाओं में तेजी

हिमाचल प्रदेश के सोलन जिले के बीबीएन (बरोटीवाला- बद्दी- नालागढ़) क्षेत्र में गर्मियों के आरंभ के साथ ही अग्निकांड की घटनाएं बढ़ने लगी हैं। पिछले पांच दिनों में यह दूसरी बड़ी आग की घटना है, जिसमें अब तक करीब 40 झुग्गियां जल चुकी हैं और एक बच्ची की मौत भी हो चुकी है।

बालद खड्ड पुल के पास झुग्गियों में लगी भीषण आग

ताजा मामला बद्दी को हरियाणा से जोड़ने वाले बालद खड्ड पुल के पास का है, जहां वर्मा कॉलोनी के साथ बनी दो दर्जन से अधिक झुग्गियां आग की चपेट में आ गईं। आग इतनी भयानक थी कि इन अस्थायी निवासों में रखा प्रवासी मजदूरों का सारा सामान – कपड़े, बर्तन, खाना-पीना – सब कुछ जलकर राख हो गया।

चार सिलिंडरों में हुआ धमाका, पक्के मकानों ने रोकी आग

झुग्गियों में रखे चार घरेलू गैस सिलिंडर भी आग की चपेट में आ गए और फट गए। सौभाग्य से झुग्गियों के चारों ओर बने पक्के मकानों ने आग को फैलने से रोक दिया, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।

दमकल विभाग ने समय रहते पाया आग पर काबू

घटना की सूचना मिलते ही बद्दी से दमकल विभाग की टीम, बिरला और वर्धमान के फायर टेंडर मौके पर पहुंचे। फायर ऑफिसर हेमराज ने बताया कि आग के कारणों की जांच की जा रही है और नुकसान का आकलन किया जा रहा है। आग को आसपास के पक्के मकानों तक फैलने से रोकना राहत की बात रही।