Loading...

कांग्रेस को झटका, शिलांजी पंचायत के चार युवा नेता भाजपा में शामिल

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की शिलांजी पंचायत में चार युवा नेताओं के भाजपा में शामिल होने से कांग्रेस को राजनीतिक झटका लगा है। विधायक रीना कश्यप की उपस्थिति में कपिल ठाकुर, सुदर्शन ठाकुर, धर्म सिंह और कुलदीप ने भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। भाजपा नेताओं ने दावा किया कि क्षेत्र में विकास कार्यों से प्रभावित होकर लोग लगातार पार्टी से जुड़ रहे हैं और आने वाले समय में भी सदस्यता अभियान को समर्थन मिलेगा।

राजगढ़

पच्छाद विधानसभा क्षेत्र की शिलांजी पंचायत में कांग्रेस को उस समय झटका लगा जब युवा नेता कपिल ठाकुर अपने साथियों सुदर्शन ठाकुर, धर्म सिंह और कुलदीप के साथ भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो गए। चारों नेताओं ने पच्छाद विधायक रीना कश्यप की उपस्थिति में भाजपा की सदस्यता ग्रहण की। इस दौरान विधायक ने मालाएं पहनाकर सभी नए सदस्यों का पार्टी में स्वागत किया।इस अवसर पर विधायक रीना कश्यप ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी आज विश्व की सबसे बड़ी राजनीतिक पार्टी है और उसकी नीतियों तथा जनहितकारी कार्यों से प्रभावित होकर लगातार लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सबका साथ, सबका विकास और सबका विश्वास के मंत्र पर कार्य कर रही है।

भाजपा में शामिल हुए कपिल ठाकुर ने कहा कि वे और उनके साथी विधायक रीना कश्यप द्वारा क्षेत्र में करवाए जा रहे विकास कार्यों और जनहित की योजनाओं से प्रभावित होकर भाजपा परिवार का हिस्सा बने हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और जनता की आवाज को मजबूती से उठाने के लिए उन्होंने यह निर्णय लिया है।भाजपा नेता प्रदीप कंवर ने कहा कि विधायक रीना कश्यप ने पच्छाद विधानसभा क्षेत्र में कई महत्वपूर्ण विकास कार्य करवाए हैं।

उन्होंने बताया कि मरयोग स्थित मिल्क चिलिंग प्लांट में पहले केवल एक हजार लीटर क्षमता का कूलर था, जिसके कारण प्रतिदिन करीब दो सौ लीटर दूध खराब हो जाता था। विधायक निधि से पांच लाख रुपये उपलब्ध करवाकर वहां तीन हजार लीटर क्षमता का नया कूलर स्थापित कराया गया, जिससे दुग्ध उत्पादक किसानों को सीधा लाभ मिला है।उन्होंने दावा किया कि विधायक के आगामी पंचायत दौरों के दौरान भी बड़ी संख्या में लोग भाजपा की सदस्यता ग्रहण करने के लिए तैयार हैं और क्षेत्र में पार्टी का जनाधार लगातार मजबूत हो रहा है।

Related Topics: