Loading...

राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में छात्रवृत्ति जागरूकता शिविर आयोजित, विद्यार्थियों को सरकारी योजनाओं की दी विस्तृत जानकारी

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 51 Mins Ago • 1 Min Read

विद्यार्थियों को केंद्र एवं हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों की जानकारी दी गई।शिविर का उद्देश्य अधिक से अधिक पात्र विद्यार्थियों को सरकारी छात्रवृत्ति योजनाओं का लाभ दिलाने के लिए जागरूक करना रहा।

ऊना/वीरेंद्र बन्याल

उप तहसील जोल एवं ग्राम पंचायत चौकीमन्यार के अंतर्गत आने वाले राजकीय महाविद्यालय चौकीमन्यार में शुक्रवार को केंद्र सरकार एवं हिमाचल प्रदेश सरकार द्वारा प्रायोजित विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं के संबंध में एक विशेष छात्रवृत्ति जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों को सरकार द्वारा संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं की जानकारी देकर अधिक से अधिक पात्र छात्रों को इनका लाभ दिलाना था।कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के छात्रवृत्ति नोडल अधिकारी डॉ० रामकुमार नेगी ने की। उन्होंने विद्यार्थियों को केंद्र एवं राज्य सरकार द्वारा सामान्य वर्ग, आर्थिक रूप से पिछड़ा वर्ग (ईडब्ल्यूएस), अनुसूचित जाति (एससी), अनुसूचित जनजाति (एसटी), अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी), आईआरडीपी तथा बीपीएल परिवारों से संबंधित विद्यार्थियों के लिए संचालित विभिन्न छात्रवृत्ति योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।

डॉ० नेगी ने बताया कि हिमाचल प्रदेश स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला एवं हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय शिमला की वार्षिक परीक्षाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले मेधावी विद्यार्थियों के लिए भी अनेक छात्रवृत्ति योजनाएं संचालित हैं। उन्होंने विशेष रूप से कल्पना चावला छात्रवृत्ति योजना, इंदिरा गांधी उत्कृष्ट छात्रवृत्ति योजना, डॉ० भीमराव आंबेडकर मेधावी छात्रवृत्ति योजना, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति छात्रवृत्ति योजना तथा आर्थिक रूप से पिछड़े सामान्य वर्ग के विद्यार्थियों के लिए उपलब्ध विभिन्न छात्रवृत्तियों की पात्रता, आवेदन प्रक्रिया और आवश्यक दस्तावेजों के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी।

उन्होंने विद्यार्थियों को समय रहते सभी आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने के निर्देश दिए, ताकि छात्रवृत्ति आवेदन के दौरान उन्हें किसी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े। शिविर के दौरान विद्यार्थियों ने छात्रवृत्ति से संबंधित पात्रता, आवेदन प्रक्रिया एवं आवश्यक दस्तावेजों को लेकर विभिन्न प्रश्न पूछे, जिनका डॉ० नेगी ने विस्तार से समाधान किया।अपने संबोधन में डॉ० रामकुमार नेगी ने विद्यार्थियों से सरकारी छात्रवृत्ति योजनाओं का अधिकतम लाभ उठाने का आह्वान करते हुए कहा कि यदि किसी भी विद्यार्थी को आवेदन प्रक्रिया या दस्तावेज तैयार करने में किसी प्रकार की समस्या आती है तो वे बिना किसी संकोच के उनसे संपर्क करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि पात्र विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति का लाभ दिलाने के लिए महाविद्यालय प्रशासन हर संभव सहयोग प्रदान करेगा।

इस जागरूकता शिविर के सफल आयोजन एवं संचालन में महाविद्यालय की कार्यवाहक प्राचार्य प्रो० कविता कौशल, डॉ० सगुन डोगरा तथा प्रो० नवीन शर्मा ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यार्थियों ने इस आयोजन को अत्यंत उपयोगी बताते हुए ऐसे जागरूकता कार्यक्रम भविष्य में भी नियमित रूप से आयोजित करने की आवश्यकता पर बल दिया।

Related Topics: