Loading...

Government Decision: हिमाचल में दिवाली से लॉटरी शुरू करने की तैयारी, जयराम ठाकुर ने साधा निशाना

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 15 Hours Ago • 1 Min Read

हिमाचल में दिवाली से लॉटरी शुरू करने की तैयारी, जयराम ठाकुर ने सरकार पर साधा निशाना

नाहन

हिमाचल प्रदेश में दिवाली से लॉटरी शुरू करने के सरकार के फैसले को लेकर सियासत गरमा गई है। विपक्षी भाजपा ने इस फैसले का विरोध करते हुए कांग्रेस सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि सरकार प्रदेश की आर्थिक स्थिति सुधारने के नाम पर लॉटरी शुरू करने जा रही है, जबकि वास्तविक उद्देश्य अपने निजी आर्थिक हितों को साधना है।

जयराम ठाकुर ने कहा कि लॉटरी के कारण पहले हिमाचल में कई परिवार बर्बाद हुए हैं और लोगों ने अपनी जमीन तक बेच दी थी। उन्होंने कहा कि लॉटरी की लत भी नशे की तरह है और एक बार इसकी आदत पड़ने के बाद व्यक्ति इसके दुष्परिणामों से बाहर नहीं निकल पाता। उन्होंने सरकार से लॉटरी शुरू करने का फैसला तुरंत वापस लेने की मांग की।

नेता प्रतिपक्ष ने यह भी कहा कि जिस कंपनी को लॉटरी का टेंडर मिला है, वह आगे चलकर जांच का विषय बन सकता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सुक्खू सरकार हिमाचल के युवाओं को बर्बादी की ओर धकेलने वाला फैसला ले रही है।

वहीं उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने सरकार के फैसले का बचाव करते हुए स्पष्ट किया कि प्रदेश में सिंगल लाइन या सिंगल डिजिट लॉटरी शुरू नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि सरकार नियंत्रित और वैध तरीके से लॉटरी शुरू करने पर विचार कर रही है, ताकि लोगों को अवैध जुए और सट्टेबाजी से दूर रखने के साथ-साथ प्रदेश के राजस्व में भी वृद्धि की जा सके।

हर्षवर्धन चौहान के अनुसार केरल और पंजाब की तर्ज पर लॉटरी शुरू करने से सरकार ने करीब 100 करोड़ रुपये सालाना राजस्व जुटाने का लक्ष्य रखा है। इसके लिए कानूनी, प्रशासनिक और वित्तीय पहलुओं का अध्ययन करने के बाद मानक संचालन प्रक्रिया तैयार कर ली गई है। संबंधित फाइल अब वित्त विभाग की मंजूरी के लिए भेजी गई है।

अब वित्त विभाग की मंजूरी के बाद ही स्पष्ट होगा कि हिमाचल में लॉटरी योजना कब लागू होती है और इससे सरकारी खजाने को कितनी आय होती है।