Government Decision: शाहपुर ई-चार्जिंग स्टेशन के लिए 46.28 लाख रुपये स्वीकृत
Government Decision: शाहपुर बस स्टैंड में 46.28 लाख रुपये की लागत से नया ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित किया जाएगा। धनराशि स्वीकृत होने पर शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री का आभार जताया। शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की जनता ने भी इस स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया है।
शाहपुर
केवल सिंह पठानिया ने बताया कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र में तीन नई इलेक्ट्रिक बसें चलाई जा रही हैं। इन बसों के सुचारू संचालन के लिए चार्जिंग स्टेशन शाहपुर बस स्टैंड में ही स्थापित किया जाएगा। परिवहन और विद्युत विभाग के अधिकारियों के साथ स्टेशन के लिए स्थान चिह्नित कर लिया गया है। संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई जल्द पूरी करने के निर्देश भी दिए गए हैं।
इलेक्ट्रिक बसों के रूट विस्तार की तैयारी
विधायक के अनुसार, इलेक्ट्रिक बसों के रूट विस्तार को लेकर परिवहन विभाग को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर और सुगम परिवहन सुविधा मिल सके। उन्होंने कहा कि शाहपुर में ई-चार्जिंग स्टेशन स्थापित होने से इलेक्ट्रिक बस सेवा को मजबूती मिलेगी और क्षेत्रवासियों को पर्यावरण अनुकूल सार्वजनिक परिवहन की बेहतर सुविधा उपलब्ध होगी।
