भारतीय समूह गान प्रतियोगिता में राजकीय महाविद्यालय ऊना ने जीता दूसरा स्थान
राजकीय महाविद्यालय ऊना की टीम ने हमीरपुर में आयोजित यूथ फेस्टिवल ग्रुप-2 की भारतीय समूह गान प्रतियोगिता में दूसरा स्थान हासिल किया है। नेताजी सुभाष चंद्र बोस स्मारक राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर में 13 से 17 अक्टूबर तक आयोजित प्रतियोगिता में 22 टीमों ने भाग लिया। ऊना महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने संगीत प्रतिभा, अनुशासन और सामूहिक समन्वय के आधार पर यह उपलब्धि हासिल की। इस परिणाम से महाविद्यालय परिसर में खुशी का माहौल है।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
प्रतियोगिता के बाद विजेता टीम ने ट्रॉफी के साथ महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. मीता शर्मा से मुलाकात की। प्राचार्या ने सभी प्रतिभागी विद्यार्थियों को दूसरे स्थान की उपलब्धि के लिए बधाई देते हुए उनके प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की कड़ी मेहनत, अनुशासन, संगीत के प्रति समर्पण और एकजुट प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी उत्साह, लगन और आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
डॉ. मीता शर्मा ने इस उपलब्धि के लिए महाविद्यालय की सांस्कृतिक समिति को भी बधाई दी। उन्होंने टीम की सफलता में सेवानिवृत्त प्रोफेसर संजय वर्मा के योगदान का विशेष उल्लेख करते हुए उनके मार्गदर्शन और सहयोग की सराहना की। महाविद्यालय परिवार ने विजेता विद्यार्थियों, सांस्कृतिक समिति और टीम को मार्गदर्शन देने वाले सभी सदस्यों को शुभकामनाएं दीं। इस उपलब्धि को विद्यार्थियों की संगीत प्रतिभा, सामूहिक एकजुटता और महाविद्यालय की सांस्कृतिक गतिविधियों के लिए किए जा रहे प्रयासों का परिणाम बताया गया।