व्यापारियों को जीएसटी संशोधनों, ई-इनवॉइस और डिजिटल अनुपालन की दी जानकारी
राजगढ़ में आयोजित जीएसटी जागरूकता शिविर में व्यापारियों और कारोबारियों को जीएसटी से जुड़े नवीनतम नियमों, संशोधनों और डिजिटल अनुपालन की जानकारी दी गई। विभागीय अधिकारियों ने ई-इनवॉइस, जीएसटी रिटर्न, इनपुट टैक्स क्रेडिट और ऑनलाइन सेवाओं से संबंधित महत्वपूर्ण प्रावधानों पर विस्तार से चर्चा की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लेकर कर प्रणाली से जुड़ी जानकारियां प्राप्त कीं।
राजगढ़
राज्य कर एवं आबकारी विभाग (वस्तु एवं सेवा कर), हिमाचल प्रदेश द्वारा वीरवार को राजगढ़ में जीएसटी जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य क्षेत्र के व्यापारियों एवं कारोबारियों को जीएसटी से जुड़े नवीनतम नियमों, संशोधनों तथा कर प्रणाली में किए गए बदलावों की जानकारी देकर उन्हें जागरूक बनाना था। कार्यक्रम में राजगढ़ क्षेत्र के बड़ी संख्या में व्यापारियों ने भाग लिया।सहायक आयुक्त, राज्य कर एवं आबकारी विभाग, सिरमौर अभिनाश चौहान ने कहा कि विभाग का उद्देश्य केवल कर संग्रह करना नहीं, बल्कि व्यापारियों को नियमों की सही जानकारी देकर उन्हें जागरूक बनाना भी है। उन्होंने कहा कि सरकार समय-समय पर जीएसटी प्रणाली में आवश्यक सुधार कर रही है, इसलिए प्रत्येक व्यापारी को इन बदलावों की जानकारी रखना आवश्यक है। उन्होंने कारोबारियों से कर संबंधी सभी प्रक्रियाओं को समय पर पूरा करने तथा डिजिटल माध्यमों का अधिकाधिक उपयोग करने का आग्रह किया।
शिविर के दौरान विभागीय अधिकारियों ने वस्तु एवं सेवा कर अधिनियम में समय-समय पर किए जा रहे संशोधनों की विस्तार से जानकारी दी। अधिकारियों ने बताया कि कर व्यवस्था को अधिक पारदर्शी, सरल एवं डिजिटल बनाने के लिए सरकार लगातार नए प्रावधान लागू कर रही है। उन्होंने व्यापारियों से सभी कर संबंधी नियमों का पालन करने तथा निर्धारित समय सीमा के भीतर जीएसटी रिटर्न दाखिल करने की अपील की, ताकि किसी भी प्रकार के आर्थिक दंड अथवा कानूनी कार्रवाई से बचा जा सके।अधिकारियों ने जीएसटी 2.0 के तहत लागू नए प्रावधानों पर प्रकाश डालते हुए ई-इनवॉइस, रिटर्न दाखिल करने की प्रक्रिया, इनपुट टैक्स क्रेडिट, डिजिटल अनुपालन तथा ऑनलाइन सेवाओं से जुड़े महत्वपूर्ण बिंदुओं की जानकारी भी दी।
कार्यक्रम में व्यापार मंडल अध्यक्ष राजेन्द्र ठाकुर ने विभागीय अधिकारियों का स्वागत करते हुए कहा कि इस प्रकार के जागरूकता शिविर व्यापारियों के लिए लाभदायक सिद्ध होते हैं। उन्होंने कहा कि जीएसटी नियमों में लगातार परिवर्तन होते रहते हैं और ऐसे आयोजनों से व्यापारियों को समय पर सही मार्गदर्शन मिलता है।व्यापार मंडल के उपाध्यक्ष हरदेव भरद्वाज ने कहा कि विभाग द्वारा इस प्रकार के शिविर नियमित रूप से आयोजित किए जाने चाहिए। इससे व्यापारियों और विभाग के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होता है तथा कर संबंधी समस्याओं के समाधान में भी सहायता मिलती है।
शिविर के अंत में विभागीय अधिकारियों ने उपस्थित व्यापारियों का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करने का भरोसा दिलाया। इस अवसर पर नगर पंचायत राजगढ़ के अध्यक्ष विक्रम ठाकुर, आबकारी निरीक्षक सनी वर्मा सहित ललित शर्मा, नीरज ठाकुर, राकेश मेनी, अनुज ठाकुर, हर्ष आनंद, बंटी सूद तथा अन्य व्यापारी उपस्थित रहे।
