Gupt Navratri 2023: कल से शुरू होगी गुप्त नवरात्रि, जानिए तिथि और कलश स्थापना….
HNN/ नाहन
गुप्त नवरात्रि की शुरुआत 22 जनवरी 2023 यानी कल से होने जा रही है। नवरात्रि यानी नौ पवित्र रातें जिसमें नवदुर्गा अर्थात मां दुर्गा के नौ रूपों की पूजा का समय होता है। वर्ष में चार नवरात्रियां होती हैं। चैत्र माह में चैत्र नवरात्रि, आषाढ़ माह में गुप्त नवरात्रि, अश्विन माह में शारदीय नवरात्रि और माघ माह में गुप्त नवरात्रि। एक गुप्त नवरात्रि माघ और दूसरी आषाढ़ के महीने में पड़ती है। साल 2023 में पहली गुप्त नवरात्रि माघ महीने में आएगी।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, गुप्त नवरात्रि में दस महाविद्याओं की पूजा-अर्चना की जाती है। इस दौरान प्रतिपदा से लेकर नवमी तिथि तक मां दुर्गा के नौ अलग-अलग रूपों की पूजा-अर्चना की जाती है। ऐसी मान्यता है कि गुप्त नवरात्रि में मां अम्बे के नौ रूपों की पूजा करने से हर मनोकामना पूरी होती है। जानते हैं नए साल 2023 में माघ गुप्त नवरात्रि की तिथि, मुहूर्त, महत्व और पूजा विधि के बारे में।
माघ गुप्त नवरात्रि तिथि
हिंदू पंचांग के अनुसार माघ मास के शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि से गुप्त नवरात्रि शुरू होती हैं। शुक्ल पक्ष की प्रतिपदा तिथि की शुरुआत 21 जनवरी को रात्रि के समय होगी और इस तिथि का समापन अगले दिन 22 जनवरी को रात्रि 10:30 पर होगा। माघ गुप्त नवरात्रि का प्रारंभ 22 जनवरी से होगा और नवमी तिथि 30 जनवरी के दिन है। इन 9 दिनों में मां भगवती की उपासना गुप्त रूप से की जाएगी। पंचांग के अनुसार कलश स्थापना 22 जनवरी को अभिजीत मुहूर्त में दोपहर 12:10 से 12:54 के बीच किया जाने का विधान है।