हादसा / कोल्ड ड्रिंक समझकर कीटनाशक पीने से 15 वर्षीय किशोरी की मौत, छह दिन बाद अस्पताल में तोड़ा दम
हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक दर्दनाक हादसे में 15 वर्षीय किशोरी की जान चली गई। परिजनों के अनुसार किशोरी ने घर में रखी कीटनाशक दवा को गलती से कोल्ड ड्रिंक समझकर पी लिया था। गंभीर हालत में उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां छह दिन तक उपचार के बाद उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कांगड़ा/गगल
जानकारी के अनुसार घटना गगल थाना क्षेत्र के देहरियां-समीरपुर गांव की है। 26 जुलाई को घर में खेतों में छिड़काव के लिए रखी गई कीटनाशक दवा की बोतल को किशोरी ने अनजाने में कोल्ड ड्रिंक समझकर पी लिया। कुछ ही देर में उसकी तबीयत बिगड़ गई। परिजन उसे तुरंत डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल, टांडा ले गए, जहां चिकित्सकों की निगरानी में उसका उपचार शुरू किया गया।
छह दिन तक चली जिंदगी की जंग
मेडिकल कॉलेज टांडा में किशोरी का लगातार इलाज चलता रहा, लेकिन उसकी हालत में सुधार नहीं हो सका। उपचार के दौरान रविवार को उसने दम तोड़ दिया। इस घटना के बाद परिवार सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है।
पुलिस कर रही मामले की जांच
घटना की सूचना मिलने के बाद गगल थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एएसपी कांगड़ा बीर बहादुर ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने और कानूनी औपचारिकताएं पूरी होने के बाद मामले में नियमानुसार आगामी कार्रवाई की जाएगी।