Loading...

हरोली उत्सव / भव्य-दिव्य होगा राज्य स्तरीय हरोली उत्सव

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 3 Feb 2025 • 1 Min Read

27 अप्रैल से कांगड़ मैदान में होगा शुभारंभ, सांस्कृतिक संध्याओं और खेल प्रतियोगिताओं का रहेगा आकर्षण

हरोली उत्सव की भव्य तैयारियां शुरू

लंबे इंतजार के बाद राज्य स्तरीय हरोली उत्सव एक बार फिर पूरे उत्साह और भव्यता के साथ आयोजित होने जा रहा है। यह उत्सव हरोली क्षेत्र की सांस्कृतिक और पारंपरिक धरोहर को नई ऊर्जा देने का अवसर होगा। जिला प्रशासन ने इसकी तैयारियां शुरू कर दी हैं और इसे यादगार बनाने के लिए व्यापक रणनीति तैयार कर ली गई है। इसी क्रम में उपायुक्त जतिन लाल ने सोमवार को हरोली के बीडीओ कार्यालय सभागार में अधिकारियों की बैठक ली और सफल आयोजन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए।

27 अप्रैल को भव्य शोभायात्रा के साथ शुभारंभ

उपायुक्त ने बताया कि राज्य स्तरीय हरोली उत्सव कांगड़ मैदान में आयोजित किया जाएगा। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू और उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के दिशा-निर्देशों के अनुरूप इस उत्सव को यादगार और जनसहभागिता से भरपूर आयोजन बनाने पर विशेष जोर दिया गया है।

27 अप्रैल को शोभायात्रा के साथ महोत्सव का विधिवत शुभारंभ होगा। 27, 28 और 29 अप्रैल की सांस्कृतिक संध्याएं इस महोत्सव का मुख्य आकर्षण होंगी। दिन के समय स्थानीय शिक्षण संस्थानों और सांस्कृतिक समूहों द्वारा रंगारंग प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जबकि संध्या समय स्थानीय कलाकारों के साथ हिमाचल और राष्ट्रीय स्तर की प्रसिद्ध हस्तियां मंच पर अपनी प्रस्तुतियां देंगी।

एक माह तक चलेगा ट्रेड फेयर

उपायुक्त ने बताया कि यह उत्सव एक माह तक चलेगा, जिसके दौरान कांगड़ मैदान में पूरे महीनेभर ट्रेड फेयर आयोजित किया जाएगा। इस मेले में प्रदेश और देशभर के स्वयं सहायता समूहों एवं व्यावसायिक संस्थानों को अपने उत्पाद प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, जिससे स्थानीय उद्यमिता और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।

युवाओं के लिए खेल प्रतियोगिताएं और रोमांचक गतिविधियां

युवाओं को नशे से दूर रखने और उन्हें सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने के लिए विभिन्न खेल स्पर्धाओं का आयोजन किया जाएगा। इनमें मुख्य रूप से कुश्ती और कबड्डी प्रतियोगिताएं बड़े स्तर पर आयोजित की जाएंगी।

इसके अलावा, साहसिक मनोरंजन गतिविधियों को भी बढ़ावा दिया जाएगा। इसमें हॉट एयर बैलूनिंग और अन्य रोमांचक खेलों को शामिल किया जाएगा, जिससे युवाओं को खेलों के प्रति अधिक प्रेरित किया जा सके।

पशु मेला, डॉग शो और सरकारी प्रदर्शनी रहेंगी आकर्षण का केंद्र

हरोली उत्सव में पशु मेला, डॉग शो और बेबी शो जैसे कार्यक्रमों का आयोजन भी किया जाएगा। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी विभागों की विकास प्रदर्शनी लगाई जाएगी, जिसमें सरकारी योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी दी जाएगी। यह प्रदर्शनी आम जनता के लिए काफी उपयोगी साबित होगी।

सफल आयोजन के लिए गठित की गई समितियां

उपायुक्त ने बताया कि उत्सव की तैयारियों को सुचारू रूप से संपन्न करने के लिए विभिन्न समितियों का गठन किया गया है। अतिरिक्त उपायुक्त को मेला अधिकारी नियुक्त किया गया है और अन्य महत्वपूर्ण व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी अलग-अलग समितियों को सौंपी गई है।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि उत्सव आयोजन की लेआउट योजना जल्द से जल्द तैयार की जाए और संबंधित टेंडर प्रक्रियाओं को निर्धारित समय-सीमा में पूरा किया जाए।

बैठक में एसडीएम हरोली विशाल ठाकुर ने आश्वस्त किया कि हरोली उत्सव को सफल बनाने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित की जाएंगी। बैठक में विभिन्न विभागों के जिला और हरोली उपमंडल कार्यालय प्रमुख उपस्थित रहे।

बैठक के उपरांत उपायुक्त ने एसडीएम और अन्य अधिकारियों के साथ कांगड़ मैदान का निरीक्षण किया और उत्सव आयोजन से संबंधित आवश्यक तैयारियों का जायजा लिया।