हरोली में 3.50 करोड़ से बनेगा वीर सैनिक सामुदायिक भवन, आधुनिक सुविधाओं से विकसित होगा परिसर
हरोली विधानसभा क्षेत्र के रोड़ा में करीब 3.50 करोड़ रुपये की लागत से वीर सैनिक सामुदायिक भवन बनाया जाएगा। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने भवन की आधारशिला रखते हुए कहा कि सैनिकों और पूर्व सैनिकों को बैठकों, कार्यक्रमों एवं सामाजिक गतिविधियों के लिए स्थायी स्थान उपलब्ध करवाया जाएगा। परिसर में पार्किंग सहित आवश्यक सुविधाएं विकसित की जाएंगी और निर्माण में सैनिकों की जरूरतों व सुझावों को प्राथमिकता दी जाएगी।
ऊना/वीरेंद्र बन्याल
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह भवन सैनिकों के सम्मान और उनके योगदान को समर्पित होगा। सैनिकों की सलाह के आधार पर परिसर में विशिष्ट योगदान देने वाले वीर सैनिकों के नाम अंकित करने, स्मृति पट्टिकाएं लगाने और सैनिक दिवस जैसे आयोजनों के लिए विशेष व्यवस्था करने पर भी विचार किया जाएगा। उन्होंने सैनिकों और पूर्व सैनिकों से भवन एवं परिसर के विकास को लेकर सुझाव देने का आग्रह किया।
विकास पथ पर चल रही कई परियोजनाएं
उप मुख्यमंत्री ने बताया कि रोड़ा से रामपुर पुल होते हुए रेस्ट हाउस तक के क्षेत्र को विकास पथ के रूप में विकसित किया जा रहा है। इस क्षेत्र में करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से हेलीपोर्ट का निर्माण किया जा रहा है। इसके अलावा 13.50 करोड़ रुपये की लागत से मेला मैदान बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि क्षेत्र में चल रही इन परियोजनाओं से जरूरी सुविधाओं का विस्तार होगा।
यहां 10 करोड़ रुपये की लागत से सिंथेटिक ट्रैक का निर्माण भी किया जा रहा है। इसका उद्देश्य सेना और पुलिस भर्ती की तैयारी करने वाले युवाओं को सुरक्षित अभ्यास स्थल उपलब्ध करवाना है। ट्रैक बनने के बाद युवाओं को सड़क पर दौड़ने के बजाय बेहतर स्थान पर अभ्यास की सुविधा मिलेगी। उप मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि सिंथेटिक ट्रैक मार्च-अप्रैल तक बनकर तैयार हो जाएगा।
भवन के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा
मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि सैनिकों के सम्मान और उनकी जरूरतों को पूरा करने में धन की कमी आड़े नहीं आने दी जाएगी। इस अवसर पर उन्होंने प्रोफेसर सिमी अग्निहोत्री की ओर से वीर सैनिक सामुदायिक भवन के लिए एक लाख रुपये देने की घोषणा की। जिला सैनिक लीग के अध्यक्ष कैप्टन शक्ति चंद ने सामुदायिक भवन की सौगात और हरोली में करवाए जा रहे विकास कार्यों के लिए उप मुख्यमंत्री का आभार जताया। कार्यक्रम में पूर्व सैन्य अधिकारी, सैनिक लीग के सदस्य, जनप्रतिनिधि और विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।