Loading...

हरोली में 1.46 करोड़ रुपये से बनेगा उपमंडलीय पशु चिकित्सालय, नए भवन का शिलान्यास

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 21 Mins Ago • 1 Min Read

हरोली में लगभग 1.46 करोड़ रुपये की लागत से उपमंडलीय पशु चिकित्सालय का नया भवन बनाया जाएगा। उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शनिवार को भवन निर्माण की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि नया भवन तैयार होने से क्षेत्र के पशुपालकों को बेहतर पशु चिकित्सा सेवाएं मिलेंगी और पशुपालन विभाग का आधारभूत ढांचा मजबूत होगा। इस दौरान उन्होंने हरोली क्षेत्र में स्वास्थ्य, शिक्षा, परिवहन, पेयजल, सिंचाई, बिजली और खेल से जुड़ी विभिन्न विकास परियोजनाओं की प्रगति की जानकारी भी दी।

ऊना/हरोली/वीरेंद्र बन्याल

उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि हरोली में सभी विभागों, अधिकारियों और कर्मचारियों के सहयोग से विकास कार्य आगे बढ़ाए जा रहे हैं। पशुपालकों की सुविधाओं के लिए ललड़ी में पशु चिकित्सा पॉलीक्लीनिक सेवाएं दे रहा है। पूवोवाल में पशुपालन संस्थान स्थापित करने के लिए लगभग 8.5 करोड़ रुपये का एस्टीमेट भी भेजा गया है। उन्होंने कहा कि इन परियोजनाओं का उद्देश्य पशुपालन सेवाओं का विस्तार करना और क्षेत्र के लोगों को जरूरी सुविधाएं स्थानीय स्तर पर उपलब्ध करवाना है।

दो महीने में ऑपरेशन थिएटर शुरू करने का लक्ष्य

मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि हरोली सिविल अस्पताल में नौ करोड़ रुपये की लागत से तीसरे भवन का निर्माण किया जा रहा है। अस्पताल में 14 डॉक्टर तैनात हैं और ऑपरेशन थिएटर स्थापित करने का काम जारी है। अगले दो महीने के भीतर ऑपरेशन थिएटर तैयार कर यहां सर्जरी की सुविधा शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने कहा कि हरोली सिविल अस्पताल को ऊना अस्पताल के समानांतर विकसित करने का प्रयास किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध हो सकें।

शिक्षा संस्थानों के विस्तार पर भी काम

उप मुख्यमंत्री के अनुसार प्रो. सिम्मी अग्निहोत्री डिग्री कॉलेज हरोली में इस समय लगभग 600 विद्यार्थी पढ़ रहे हैं और अगले वर्ष तक यह संख्या 1000 तक पहुंचाने का लक्ष्य है। कॉलेज के निर्माण पर करीब 27 करोड़ रुपये खर्च किए जा रहे हैं। साइंस ब्लॉक को स्वीकृति मिल चुकी है और छात्रावास का निर्माण प्रगति पर है। हरोली स्कूल को सीबीएसई से संबद्ध किया गया है, जबकि इसके नए भवन के लिए 12.5 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए हैं। क्षेत्र में ट्रिपल आईटी, केंद्रीय विद्यालय, लॉ कॉलेज, नर्सिंग कॉलेज और आयुर्वेद कॉलेज भी संचालित हैं।

न्यू हरोली में करीब 100 करोड़ की परियोजनाएं

मुकेश अग्निहोत्री ने बताया कि न्यू हरोली में लगभग 100 करोड़ रुपये की विभिन्न विकास परियोजनाओं पर काम चल रहा है। रामपुर पुल से जल शक्ति विश्राम गृह तक मार्ग को विकास पथ के रूप में विकसित किया जा रहा है। इसके चौड़ीकरण के लिए चार करोड़ रुपये और लाइटें लगाने के लिए एक करोड़ रुपये दिए गए हैं। यहां 22 करोड़ रुपये से हेलीपोर्ट, 10 करोड़ रुपये से अंतरराष्ट्रीय मानकों का सिंथेटिक ट्रैक और करीब 11 करोड़ रुपये से ऑटोमैटिक टेस्टिंग स्टेशन बनाया जा रहा है। तैयार हो चुके ट्रैफिक पार्क में अब तक करीब 3000 लोगों के ड्राइविंग लाइसेंस बनाए गए हैं।

हरोली में 52 बसों की क्षमता वाला डिपो स्थापित किया गया है, जिसमें 30 इलेक्ट्रिक बसें शामिल हैं। यहां करीब 100 ड्राइवर और कंडक्टर तैनात हैं तथा बस अड्डे का निर्माण पूरा हो चुका है। इलेक्ट्रिक बसों के लिए हल्बन में चार्जिंग स्टेशन बनाया गया है, जबकि दुलैहड़ में दूसरा स्टेशन तैयार किया जा रहा है। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि परिवहन सुविधाओं के विस्तार से क्षेत्र के लोगों को बेहतर सार्वजनिक यातायात सेवाएं उपलब्ध करवाने में मदद मिलेगी।

पेयजल और सिंचाई पर करीब 500 करोड़ के काम

हरोली विधानसभा क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई योजनाओं पर लगभग 500 करोड़ रुपये के कार्य चल रहे हैं। क्षेत्र में 325 ट्यूबवेल स्थापित किए जा चुके हैं। पोलियां में 50 लाख लीटर और दुलैहड़ में 25 लाख लीटर क्षमता के जल भंडारण टैंक बनाए गए हैं। पालकवाह से सिंचाई के लिए 75 करोड़ रुपये की योजना पर काम जारी है, जबकि हरोली और पंडोगा क्षेत्र के लिए 101 करोड़ रुपये की एक अन्य पेयजल योजना तैयार की जा रही है। क्षेत्र में 83 जल भंडारण टैंक बनाए जा चुके हैं और 50 नए टैंक स्वीकृत किए गए हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि पंजाब और बीबीएमबी के साथ हुए समझौतों से क्षेत्र में बिजली और पानी की उपलब्धता का स्थायी रास्ता तैयार हुआ है। बाथू, पोलियां और पेखुवेला में 220 केवी क्षमता के तीन विद्युत स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि युवाओं को खेलों से जोड़ने और नशे से दूर रखने के उद्देश्य से खेल मैदानों, पार्कों और अन्य सुविधाओं का विस्तार भी किया जा रहा है। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी, पशुपालन एवं स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी और अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।