Loading...

मुबारिकपुर में 697 नवनियुक्त गृह रक्षक लेंगे सेवा की शपथ, 19 नई फायर गाड़ियां भी होंगी रवाना

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 23 Mins Ago • 1 Min Read

ऊना जिले के मुबारिकपुर में 6 दिसंबर को गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा विभाग का राज्य स्तरीय राइजिंग डे समारोह आयोजित होगा। इस दौरान सात प्रशिक्षण केंद्रों से प्रशिक्षण प्राप्त कर चुके 697 नवनियुक्त गृह रक्षकों की संयुक्त पासिंग आउट परेड होगी और वे राष्ट्र एवं प्रदेश की सेवा की शपथ लेंगे। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू समारोह में मुख्य अतिथि होंगे तथा 19 नई फायर गाड़ियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।

ऊना/मुबारिकपुर/वीरेंद्र बन्याल

डिप्टी कमांडेंट जनरल अरविंद पराशर ने गृह रक्षक कार्यालय ऊना में आयोजित प्रेस वार्ता में बताया कि पिछले छह महीनों के दौरान विभाग में 697 नए गृह रक्षकों की भर्ती हुई है। इन्हें प्रदेश के सात अलग-अलग प्रशिक्षण केंद्रों में आवश्यक प्रशिक्षण दिया गया। प्रशिक्षण पूरा होने के बाद पहली बार सभी नवनियुक्त गृह रक्षकों की पासिंग आउट परेड एक साथ आयोजित की जा रही है। मुख्य समारोह में विभाग की उपलब्धियों, अनुशासन, कार्यक्षमता और आपदा प्रबंधन में गृह रक्षकों के योगदान को भी प्रदर्शित किया जाएगा।

प्रतियोगिताओं में दिखेगी 12 बटालियनों की दक्षता

इस वर्ष समारोह की थीम ‘वर्दी में गौरव, हृदय में हिमाचल, संकल्प में राष्ट्र’ रखी गई है। विभाग की कार्यक्षमता, अनुशासन, टीम भावना और व्यावसायिक दक्षता दिखाने के लिए इंटर-बटालियन वॉलीबॉल, टग ऑफ वॉर और सर्च एंड रेस्क्यू प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी। तीन दिसंबर को इंटर-बटालियन बैंड प्रतियोगिता होगी, जिसकी अध्यक्षता उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री करेंगे। प्रदेश की सभी 12 गृह रक्षा बटालियनों के बैंड इसमें भाग लेंगे। निर्णायक मंडल प्रस्तुतियों का मूल्यांकन करेगा और सर्वश्रेष्ठ बैंड को 6 दिसंबर को सम्मानित किया जाएगा।

चार दिसंबर को कमांडेंट जनरल गृह रक्षा एवं नागरिक सुरक्षा और अग्निशमन सेवाएं विभाग सतवंत अटवाल ट्रॉफी प्रदान करेंगी। इस अवसर पर पिछले वर्ष उत्कृष्ट एवं सराहनीय सेवाएं देने वाले गृह रक्षा विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों को कमांडेंट डिस्क अवार्ड से सम्मानित किया जाएगा। विभाग के अनुसार, गृह रक्षक प्रदेश में कानून व्यवस्था बनाए रखने, आपदा के समय राहत एवं बचाव कार्य करने और विभिन्न सरकारी गतिविधियों के सफल संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।

तीन नए फायर स्टेशन भवनों का होगा उद्घाटन

मुख्य समारोह के दौरान मुख्यमंत्री 19 नई फायर गाड़ियों को रवाना करने के साथ बिझड़ी, इंदौरा और मंडी में नवनिर्मित फायर स्टेशन भवनों का उद्घाटन करेंगे। विभाग का कहना है कि इससे प्रदेश में अग्निशमन सेवाओं को सुदृढ़ करने और आपातकालीन परिस्थितियों में त्वरित प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने में मदद मिलेगी। प्रेस वार्ता में कमांडेंट होमगार्ड ऊना हितेश लखनपाल, कमांडेंट होमगार्ड कुल्लू विकास सकलानी, कमांडेंट होमगार्ड धर्मशाला राजेश और स्टेट हेडक्वार्टर होमगार्ड एवं सिविल डिफेंस शिमला की स्टाफ ऑफिसर नविता सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Topics: •