Loading...

सीबीआई चार्जशीट से कांग्रेस सरकार कटघरे में, जवाब दे सरकार : हर्ष महाजन

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

विमल नेगी प्रकरण में सीबीआई द्वारा दायर चार्जशीट को लेकर भाजपा सांसद हर्ष महाजन ने कांग्रेस सरकार पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने चार्जशीट में दर्ज फर्जी दस्तावेज, जांच प्रभावित करने और अधिकारियों पर दबाव बनाने जैसे आरोपों को बेहद गंभीर बताते हुए सरकार से जवाब मांगा है। महाजन ने पूरे मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

शिमला

विमल नेगी प्रकरण में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) द्वारा अदालत में दायर चार्जशीट को लेकर भाजपा ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोला है। भाजपा के राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन ने कहा कि चार्जशीट में सामने आए तथ्यों ने प्रदेश सरकार की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं और अब सरकार को जनता के सामने जवाब देना चाहिए।हर्ष महाजन ने शनिवार को जारी बयान में कहा कि सीबीआई चार्जशीट में फर्जी कंप्लीशन सर्टिफिकेट जारी करने, दस्तावेजों में कथित हेरफेर, अधिकारियों पर दबाव बनाने, नियमों की अनदेखी करने तथा जांच प्रक्रिया को प्रभावित करने जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच एजेंसी के दस्तावेजों में ऐसे तथ्य दर्ज हैं तो यह केवल प्रशासनिक लापरवाही का मामला नहीं, बल्कि संस्थागत स्तर पर गंभीर अनियमितताओं की ओर संकेत करता है।

उन्होंने सवाल उठाया कि आखिर किन परिस्थितियों में नियमों को दरकिनार किया गया और किसके संरक्षण में दस्तावेजों के साथ कथित छेड़छाड़ हुई। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता जानना चाहती है कि इस पूरे मामले में वास्तविक जिम्मेदार कौन हैं और उनके खिलाफ क्या कार्रवाई की जाएगी।
भाजपा सांसद ने आरोप लगाया कि विपक्ष द्वारा शुरू से निष्पक्ष जांच की मांग किए जाने के बावजूद सरकार मामले को हल्के में लेने का प्रयास करती रही। अब सीबीआई की चार्जशीट के बाद कई ऐसे सवाल सामने आए हैं, जिनका जवाब सरकार को देना चाहिए।महाजन ने कहा कि यदि जांच एजेंसी ने साक्ष्यों को प्रभावित करने, रिकॉर्ड बदलने अथवा जांच को भटकाने के प्रयासों की ओर संकेत किया है तो यह कानून के शासन और प्रशासनिक पारदर्शिता दोनों के लिए गंभीर विषय है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष और उच्चस्तरीय जांच होनी चाहिए, ताकि प्रशासनिक, राजनीतिक और संस्थागत स्तर पर जुड़े प्रत्येक व्यक्ति की भूमिका स्पष्ट हो सके।

उन्होंने कहा कि केवल कुछ अधिकारियों तक कार्रवाई सीमित रखने के बजाय पूरे प्रकरण की गहन जांच की जानी चाहिए। जो भी व्यक्ति दोषी पाया जाए, उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए।हर्ष महाजन ने कहा कि यह मामला केवल एक अधिकारी तक सीमित नहीं है, बल्कि प्रदेश की प्रशासनिक व्यवस्था और सुशासन से जुड़ा विषय बन चुका है। उन्होंने कहा कि भाजपा इस मुद्दे को लगातार उठाती रहेगी और पूरे मामले की सच्चाई सामने लाने के लिए हर लोकतांत्रिक मंच पर आवाज बुलंद करेगी।