Loading...

बोह आपदा प्रभावित क्षेत्र का अधिकारियों संग निरीक्षण, राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा, विद्यार्थियों को मिलेगा प्रमाण-पत्रों में सहयोग

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के बोह आपदा प्रभावित इलाके का विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने अधिकारियों के साथ दौरा कर राहत एवं पुनर्वास कार्यों की समीक्षा की। जिला प्रशासन ने बताया कि जिन विद्यार्थियों के शैक्षणिक दस्तावेज नष्ट हुए हैं, उनके प्रमाण-पत्र दोबारा जारी करवाने के लिए संबंधित शिक्षा बोर्ड के साथ समन्वय कर आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।

धर्मशाला

बोह क्षेत्र में राहत एवं पुनर्वास कार्यों का लिया जायजा

शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं हिमाचल प्रदेश सरकार के उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने लगातार तीसरे दिन बोह आपदा प्रभावित क्षेत्र का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने प्रभावित परिवारों से मुलाकात कर उनकी स्थिति की जानकारी ली तथा राहत एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति का निरीक्षण किया। इसके बाद उन्होंने अधिकारियों के साथ कांगड़ा-चंबा सीमा पर स्थित शाहपुर विधानसभा के अंतिम गांव लाम का भी दौरा किया, जहां भूस्खलन से हुए नुकसान का जायजा लिया गया।

प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का किया आकलन

केवल सिंह पठानिया ने कहा कि प्रशासन द्वारा प्रभावित परिवारों की आवश्यकताओं का आकलन कर प्राथमिकता के आधार पर सहायता उपलब्ध कराई जा रही है। उन्होंने कहा कि राहत कार्यों के साथ-साथ पुनर्वास प्रक्रिया को भी व्यवस्थित ढंग से आगे बढ़ाया जा रहा है। उन्होंने अधिकारियों को राहत एवं पुनर्वास कार्यों में आवश्यक समन्वय बनाए रखते हुए प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार प्रभावित परिवारों को आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने के लिए कार्य कर रही है।

विद्यार्थियों के दस्तावेज दोबारा जारी करवाने में मिलेगा सहयोग

उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने बताया कि बोह आपदा में जिन विद्यार्थियों के शैक्षणिक दस्तावेज, अंकपत्र अथवा अन्य आवश्यक प्रमाण-पत्र नष्ट हो गए हैं या खो गए हैं, उनका विवरण जिला प्रशासन द्वारा एकत्र किया जाएगा। इसके बाद संबंधित शिक्षा बोर्डों के साथ समन्वय स्थापित कर इन प्रमाण-पत्रों को दोबारा जारी करवाने की प्रक्रिया में विद्यार्थियों को पूरा प्रशासनिक सहयोग प्रदान किया जाएगा, ताकि उनकी पढ़ाई प्रभावित न हो।

अधिकारियों ने प्रस्तुत की राहत कार्यों की रिपोर्ट

दौरे के दौरान संबंधित विभागों के अधिकारियों ने उपमुख्य सचेतक को राहत एवं पुनर्वास कार्यों की प्रगति से अवगत कराया तथा प्रभावित क्षेत्रों में किए जा रहे कार्यों की विस्तृत जानकारी दी। इस अवसर पर मुख्य अरण्यपाल बासु कौशल, डीएफओ अमित शर्मा सहित जिला प्रशासन और विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित रहे।

Related Topics: