Loading...

Himachal Flood Relief / भारी बारिश से तबाही पर प्रतिभा सिंह की चिंता, केंद्र से विशेष राहत पैकेज की मांग

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन • 1 Jul 2025 • 1 Min Read

Himachal Flood Relief : भारी बारिश से हुए जानमाल के नुकसान पर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने गहरी चिंता जताई है। उन्होंने केंद्र सरकार से हिमाचल के लिए विशेष आर्थिक सहायता की मांग की है ताकि पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाई जा सके।

शिमला

प्रदेश के बाढ़ प्रभावित जिलों के लिए केंद्र से मांगी आर्थिक मदद

44 से अधिक मौतें, सैंकड़ों मवेशियों की भी गई जान

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने हिमाचल में हो रही मूसलाधार बारिश से हो रहे नुकसान पर गहरी चिंता जताते हुए कहा है कि अब तक 44 से अधिक लोगों की जान जा चुकी है और सैंकड़ों मवेशियों की भी मौत हो चुकी है। उन्होंने लोगों से पूरी सतर्कता और सुरक्षा के साथ आपदा प्रबंधन के दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है।

फसलें, मकान, सड़कें सब हुआ तबाह

उन्होंने कहा कि भारी बारिश ने किसानों और बागवानों की नकदी फसलों व सब्जियों को पूरी तरह से बर्बाद कर दिया है। लोगों के घर, गोशालाएं और संपत्ति को भारी नुकसान पहुंचा है। मंडी, कुल्लू, शिमला और सोलन जैसे जिलों में भारी बारिश और भूस्खलन से पुल और सड़कों को गंभीर क्षति हुई है।

केंद्र सरकार से विशेष वित्तीय सहायता की मांग

प्रतिभा सिंह ने केंद्र सरकार से विशेष राहत व पुनर्वास पैकेज की मांग करते हुए कहा कि पहाड़ी राज्य में सड़कों को जीवन रेखा माना जाता है। इसलिए उनका जल्द पुनर्निर्माण जरूरी है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार युद्ध स्तर पर कार्य कर रही है लेकिन केंद्र की मदद के बिना यह कार्य संभव नहीं।

भाजपा सांसदों से भी की अपील

उन्होंने प्रदेश के भाजपा सांसदों से भी अपील की कि वे केंद्र सरकार से हिमाचल के लिए विशेष आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाने में सहयोग करें ताकि राहत और पुनर्निर्माण कार्य शीघ्र पूरे हो सकें।