Loading...

गेहूं निकालते समय सल्फास दवा की गैस लगने से 14 वर्षीय बच्ची की मौत

हिमाचलनाउ डेस्क • 5 Apr 2025 • 1 Min Read

बिलासपुर जिला के तहत आने वाले तलाई थाना क्षेत्र की घराण पंचायत के जोल गांव में एक दर्दनाक हादसे में 14 वर्षीय बच्ची की मौत हो गई। यह घटना उस समय हुई जब बच्ची अपनी दादी के साथ घर में रखी पुरानी गेहूं की टंकी से गेहूं निकाल रही थी।

सल्फास गैस से हुई मौत

जानकारी के अनुसार, मृतका कृतिका कुमारी, पुत्री अशोक कुमार, वीरवार शाम अपनी दादी के साथ गेहूं निकालने में मदद कर रही थी। इस गेहूं को कीड़ों से बचाने के लिए टंकी में पहले से ही सल्फास की दवा डाली गई थी। गेहूं निकालते समय टंकी के अंदर बनी सल्फास की जहरीली गैस कृतिका को लग गई।

गंभीर स्थिति में बेहोश हुई बच्ची

जैसे ही बच्ची को गैस चढ़ी, वह वहीं बेहोश होकर गिर पड़ी। परिजन तुरंत उसे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

परिवार में मातम का माहौल

इस दुखद घटना से पूरे गांव में शोक की लहर है और परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। स्थानीय प्रशासन ने मामले की पुष्टि करते हुए आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।