हिमाचल हाईकोर्ट में 388 पदों पर भर्ती, 10 सितंबर तक करें ऑनलाइन आवेदन
हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय ने जिला न्यायपालिकाओं में कोर्ट मैनेजर, क्लर्क, स्टेनोग्राफर, ड्राइवर, प्रोसेस सर्वर और ग्रुप डी के कुल 388 पदों पर भर्ती के लिए अधिसूचना जारी की है। पात्र उम्मीदवार 10 अगस्त से ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। आवेदन की अंतिम तिथि 10 सितंबर 2026 रात 11:59 बजे निर्धारित की गई है।
शिमला
उम्मीदवार हिमाचल प्रदेश उच्च न्यायालय की वेबसाइट https://highcourt.hp.gov.in/ पर उपलब्ध भर्ती पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकते हैं। आवेदन केवल ऑनलाइन माध्यम से स्वीकार किए जाएंगे। अधिसूचना के अनुसार, कोर्ट मैनेजर के पांच पद नियमित आधार पर भरे जाएंगे। इन पदों के लिए वेतन स्तर-16 के तहत 48,700 से 1,54,300 रुपये तक का वेतनमान निर्धारित किया गया है।
किस श्रेणी में कितने पद
क्लर्क के कुल 141 पदों में 84 नियमित और 57 अनुबंध आधार पर भरे जाएंगे। स्टेनोग्राफर ग्रेड-तीन के 79 पदों में 48 नियमित और 31 अनुबंध के हैं। ड्राइवर के नौ पदों में चार नियमित और पांच दैनिक वेतनभोगी आधार पर भरे जाएंगे। प्रोसेस सर्वर के 65 पदों में 61 नियमित, एक अनुबंध और तीन दैनिक वेतनभोगी पद शामिल हैं।
चपरासी, ऑर्डरली, चौकीदार और सफाई कर्मचारी के कुल 89 पदों पर भर्ती होगी। इनमें 69 पद नियमित और 20 दैनिक वेतनभोगी आधार पर भरे जाएंगे। अनारक्षित वर्ग के उम्मीदवारों के लिए आवेदन शुल्क 450 रुपये और आरक्षित श्रेणियों के लिए 300 रुपये निर्धारित किया गया है। उम्मीदवारों को आवेदन करने से पहले पद से संबंधित पात्रता और अन्य शर्तों की जांच करनी होगी।
शैक्षणिक योग्यता और जरूरी अनुभव
कोर्ट मैनेजर पद के लिए एमबीए के साथ स्नातक की डिग्री और तीन वर्ष का अनुभव जरूरी है। इस पद के लिए आयु सीमा 25 से 35 वर्ष रखी गई है। क्लर्क और स्टेनोग्राफर ग्रेड-तीन पदों के लिए स्नातक की डिग्री आवश्यक है। क्लर्क पद के उम्मीदवार के पास अंग्रेजी में 30 और हिंदी में 25 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग गति होनी चाहिए।
स्टेनोग्राफर ग्रेड-तीन के लिए अंग्रेजी में 80 शब्द प्रति मिनट की आशुलिपि और 40 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग गति जरूरी है। हिंदी में 30 शब्द प्रति मिनट की टाइपिंग गति होनी चाहिए। ड्राइवर पद के लिए मैट्रिक पास होने के साथ तीन वर्ष पुराना वैध हल्का मोटर वाहन ड्राइविंग लाइसेंस जरूरी है। प्रोसेस सर्वर और चपरासी जैसे ग्रुप डी पदों के लिए 12वीं पास होना आवश्यक है।
आयु सीमा और अन्य शर्तें
उम्मीदवारों की आयु की गणना 1 जनवरी 2026 के आधार पर की जाएगी। अनारक्षित और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लिए आयु सीमा 18 से 45 वर्ष है। आरक्षित श्रेणियों और हिमाचल प्रदेश सरकार के कर्मचारियों को ऊपरी आयु सीमा में पांच वर्ष की छूट मिलेगी। ऐसे उम्मीदवारों के लिए आयु सीमा 18 से 50 वर्ष निर्धारित की गई है।
उम्मीदवारों को हिमाचल प्रदेश के रीति-रिवाजों और बोलियों का ज्ञान होना चाहिए। ग्रुप सी पदों के लिए मैट्रिक, 12वीं या स्नातक और ग्रुप डी पदों के लिए आठवीं, 10वीं या 12वीं की पढ़ाई हिमाचल प्रदेश के किसी स्कूल या संस्थान से पूरी करने की शर्त है। हालांकि, यह शर्त हिमाचल प्रदेश के बोनाफाइड उम्मीदवारों पर लागू नहीं होगी।