Loading...

हिमाचल में जेई, ओटीए और शिक्षक भर्ती की सीबीटी परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी, आयोग ने घोषित की तिथियां

हिमांचलनाउ डेस्क नाहन II • 1 Hour Ago • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर ने चार विभिन्न श्रेणियों के पदों के लिए कंप्यूटर आधारित भर्ती परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी कर दिया है। आयोग ने बताया कि अभ्यर्थी परीक्षा से एक सप्ताह पहले वेबसाइट से एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे तथा रोल नंबर और परीक्षा केंद्र की जानकारी एसएमएस के माध्यम से भी उपलब्ध कराई जाएगी।

हमीरपुर

चार श्रेणियों की भर्ती परीक्षाओं का कार्यक्रम जारी

हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) हमीरपुर ने चार अलग-अलग श्रेणियों के पदों के लिए कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) की तिथियां घोषित कर दी हैं। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि भर्ती प्रक्रिया निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार अगस्त माह में आयोजित की जाएगी। परीक्षा विभिन्न शिफ्टों में प्रदेश के निर्धारित परीक्षा केंद्रों पर संपन्न होगी।

9 अगस्त को होगी कनिष्ठ अभियंता (सिविल) की परीक्षा

आयोग के अनुसार कनिष्ठ अभियंता (सिविल) पोस्ट कोड-26016 की परीक्षा 9 अगस्त को आयोजित होगी। परीक्षा तीन शिफ्टों में होगी, जिसमें पहली शिफ्ट सुबह 9:00 बजे से 10:30 बजे, दूसरी दोपहर 12:30 बजे से 2:00 बजे तथा तीसरी शाम 4:00 बजे से 5:30 बजे तक निर्धारित की गई है। सभी अभ्यर्थियों को निर्धारित समय से पहले परीक्षा केंद्र पर पहुंचने की सलाह दी गई है।

14 अगस्त को तीन श्रेणियों की सीबीटी परीक्षा

आयोग ने बताया कि फाइन आर्ट्स शिक्षक (पोस्ट कोड-26033) की परीक्षा 14 अगस्त को सुबह 9:00 बजे से 10:30 बजे तक आयोजित होगी। इसी दिन साइकोलॉजी शिक्षक (पोस्ट कोड-26031) की परीक्षा दोपहर 12:30 बजे से 2:00 बजे तक तथा ऑपरेशन थिएटर असिस्टेंट (पोस्ट कोड-26008) की परीक्षा शाम 4:00 बजे से 5:30 बजे तक आयोजित की जाएगी। सभी परीक्षाएं कंप्यूटर आधारित परीक्षा (सीबीटी) माध्यम से होंगी।

वेबसाइट से डाउनलोड होंगे एडमिट कार्ड

डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि परीक्षा शुरू होने से लगभग एक सप्ताह पहले आयोग की वेबसाइट पर विशेष लिंक उपलब्ध कराया जाएगा, जिसके माध्यम से अभ्यर्थी अपना रोल नंबर और एडमिट कार्ड डाउनलोड कर सकेंगे। इसके अतिरिक्त परीक्षा केंद्र और रोल नंबर की जानकारी अभ्यर्थियों के पंजीकृत मोबाइल नंबर पर एसएमएस के माध्यम से भी भेजी जाएगी।

नियमित रूप से वेबसाइट और एसएमएस करें चेक

आयोग ने सभी अभ्यर्थियों से परीक्षा से संबंधित नवीनतम जानकारी के लिए नियमित रूप से आयोग की वेबसाइट, एसएमएस और ई-मेल की जांच करते रहने की अपील की है। अधिक जानकारी के लिए अभ्यर्थी आयोग के कार्यालय अथवा दूरभाष नंबर 01972-222204 पर संपर्क कर सकते हैं।

Related Topics: