Himachal Monsoon Alert / मानसून से निपटने को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक, बांध सुरक्षा में लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश
Himachal Monsoon Alert : जगत सिंह नेगी की अध्यक्षता में आयोजित समीक्षा बैठक में मानसून से संबंधित तैयारियों की गहन समीक्षा की गई। प्रदेश में भारी बारिश के कारण कई सड़कें और बिजली-पानी की योजनाएं प्रभावित हैं, जिन्हें बहाल करने का कार्य तेजी से जारी है। अधिकारियों को आपदा की स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देने और बांध सुरक्षा अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
शिमला
कांगड़ा, मंडी में भारी बारिश, 234 सड़कों को बहाल करने के निर्देश
बैठक में बताया गया कि प्रदेश के कांगड़ा और मंडी जिलों में लगातार भारी बारिश हो रही है। इसके चलते कई जगह भूस्खलन हुआ है और कुल 234 सड़कें प्रभावित हुई हैं, जिन्हें शाम तक खोलने का प्रयास किया जा रहा है। हालांकि सभी नेशनल हाईवे खुले हैं और यातायात सामान्य है।
968 ट्रांसफॉर्मर और 23 पेयजल योजनाएं प्रभावित
बिजली बोर्ड के कुल 968 ट्रांसफॉर्मर बंद हो चुके हैं और उनकी बहाली का काम जारी है। जलशक्ति विभाग की 23 पेयजल योजनाएं प्रभावित हुई हैं, जिन्हें जल्द ही दुरुस्त किया जाएगा ताकि आम लोगों को परेशानी न हो। रामपुर के सरपारा में बाढ़ की स्थिति पैदा हुई थी, लेकिन किसी भी प्रकार का जानमाल का नुकसान नहीं हुआ है।
बांध क्षेत्रों में विशेष सतर्कता, नियमों के उल्लंघन पर कार्रवाई के आदेश
जगत सिंह नेगी ने कहा कि मंडी, कांगड़ा और कुल्लू जैसे जिलों में बड़े बांध हैं, जिनकी निगरानी बेहद जरूरी है। उन्होंने तीनों जिलों के उपायुक्तों को सख्त निर्देश दिए हैं कि बांध सुरक्षा अधिनियम और आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत किसी भी उल्लंघन पर कठोर कार्रवाई करें। सभी एसडीएम को भी सतर्क रहने के आदेश जारी किए गए हैं।
एसडीआरएफ को बजट जारी, मशीनरी तैनात रखने के निर्देश
उन्होंने बताया कि राज्य आपदा मोचन बल (एसडीआरएफ) को बजट पहले ही जारी कर दिया गया है, इसलिए सभी टीमों को पूरी तैयारी के साथ तैनात किया जाए। बैठक में उच्च अधिकारी मौजूद रहे और प्रदेश स्तर पर आपदा से निपटने की तैयारियों का फीडबैक साझा किया गया।