Loading...

Himachal News / कांगड़ा के हरिपुर में 12वीं के छात्र की डूबने से मौत, 17 साल थी उम्र; परिजनों को सौंपा गया शव

हिमाचलनाउ डेस्क • 7 Apr 2025 • 1 Min Read

बनेड़ खड्ड में नहाते समय डूबा छात्र

जिला कांगड़ा के बंगोली गांव के साथ लगती बनेड़ खड्ड में एक 17 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत हो गई। मृतक की पहचान रोशित पुत्र रमेश चंद निवासी बंगोली के रूप में हुई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम करवाया और परिजनों को सौंप दिया है।

खेलने का कहकर गया था घर से बाहर

रोशित 12वीं कक्षा का छात्र था और हाल ही में उसकी वार्षिक परीक्षाएं समाप्त हुई थीं। बताया जा रहा है कि वह गत दिवस सुबह घर से यह कहकर निकला था कि वह खेलने जा रहा है। जब वह देर शाम तक घर नहीं लौटा तो परिजनों ने उसे फोन किया, लेकिन न तो फोन उठाया गया और न ही वह उपलब्ध था।

खड्ड के पास मिले कपड़े और जूते

परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में निकले और बनेड़ खड्ड की ओर गए। वहां पर मृतक के कपड़े और जूते पानी के किनारे कुछ दूरी पर पड़े मिले। खड्ड की तलहटी में करीब 8 फीट गहरे पानी से युवक का शव बरामद किया गया।

पुलिस ने शव निकाला, देर रात तक चला रेस्क्यू

पुलिस को सूचना मिलने पर थाना हरिपुर से टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों और ग्रामीणों के सहयोग से देर रात लगभग 12 बजे युवक का शव बाहर निकाला गया। इसके उपरांत देहरा में पोस्टमार्टम करवा कर शव परिजनों को सौंपा गया।

परिवार में मातम, एसपी ने की पुष्टि

रोशित के परिवार में माता-पिता के अलावा एक बड़ा भाई, एक छोटी बहन और एक वृद्ध दादी भी हैं। बेटे की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। एसपी देहरा मयंक चौधरी ने घटना की पुष्टि की है।