हिमाचल में वोटर लिस्ट के फेर में अटकी पंचायत चुनावों की घोषणा
Himachalnow / शिमला
हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों की घोषणा फिलहाल अंतिम मतदाता सूचियों के कारण अटक गई है। राज्य चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी पंचायतों की फाइनल वोटर लिस्ट जारी होने के बाद ही चुनावी अधिसूचना जारी की जाएगी। संभावना जताई जा रही है कि 27 अप्रैल की शाम या 28 अप्रैल को कभी भी पंचायत चुनावों की अधिसूचना जारी हो सकती है।
शिमला
हिमाचल प्रदेश में पंचायत चुनावों की घोषणा फिलहाल अंतिम मतदाता सूचियों के कारण अटक गई है। राज्य चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि सभी पंचायतों की फाइनल वोटर लिस्ट जारी होने के बाद ही चुनावी अधिसूचना जारी की जाएगी। ऐसे में अब पंचायत चुनावों की घोषणा अगले सप्ताह तक टल गई है।जानकारी के अनुसार, अदालत से जुड़े मामलों में उलझी करीब 16 पंचायतों की संशोधित मतदाता सूची 24 अप्रैल को जारी होगी। वहीं नई पंचायतों के गठन से प्रभावित करीब 480 ग्राम पंचायतों की अंतिम वोटर लिस्ट 27 अप्रैल को जारी की जाएगी। इन सूचियों के जारी होने के बाद ही चुनाव आयोग अंतिम निर्णय लेगा।
बताया जा रहा है कि नई पंचायतों के गठन के चलते लगभग 280 पंचायतों की मतदाता सूची भी प्रभावित हुई है, जिसके कारण पूरी प्रक्रिया में देरी आई है। बुधवार को राज्य चुनाव आयोग की बैठक में इस विषय पर विस्तार से चर्चा की गई और यही तय किया गया कि सभी सूचियों के जारी होने के बाद ही चुनावों की घोषणा की जाएगी।संभावना जताई जा रही है कि 27 अप्रैल की शाम या 28 अप्रैल को कभी भी पंचायत चुनावों की अधिसूचना जारी हो सकती है। इसके साथ ही प्रदेश में पंचायत आचार संहिता भी लागू हो जाएगी।
वहीं चुनाव कार्यक्रम को लेकर भी तस्वीर लगभग साफ होती दिख रही है। पंचायत चुनाव तीन चरणों में मई के अंतिम सप्ताह में कराए जा सकते हैं। संभावित तिथियों के अनुसार 23 मई, 25 मई और 28 मई को मतदान कराया जा सकता है।दरअसल, 24 मई को रविवार और 27 मई को बकरीद का सरकारी अवकाश होने के चलते इन दिनों मतदान कराना संभव नहीं है। यही कारण है कि चुनाव आयोग को तिथियों में बदलाव करना पड़ रहा है।गौरतलब है कि प्रदेश के शहरी निकायों में पहले से ही आचार संहिता लागू है। ऐसे में पंचायत चुनावों की घोषणा होते ही ग्रामीण क्षेत्रों में भी चुनावी माहौल पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा।