राष्ट्रीय स्कूली रग्बी में पहली बार उतरेगा हिमाचल, दिल्ली मुकाबलों के लिए कोटड़ी व्यास में तैयारी
हिमाचल प्रदेश की टीम पहली बार राष्ट्रीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता की रग्बी स्पर्धा में हिस्सा लेने जा रही है। दिल्ली में 23 से 28 अक्टूबर तक होने वाली 70वीं राष्ट्रीय स्कूली खेलकूद प्रतियोगिता के लिए चयनित खिलाड़ी सिरमौर के कोटड़ी व्यास में प्रशिक्षण ले रही हैं। शिविर में खेल तकनीक, आपसी तालमेल और मुकाबलों के अनुरूप रणनीति पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
सिरमौर/कोटड़ी व्यास
ग्राम पंचायत कोटड़ी व्यास स्थित शहीद कमलकांत मेमोरियल राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में हिमाचल की रग्बी टीम का चार दिवसीय प्रशिक्षण शिविर आयोजित किया जा रहा है। यह शिविर 19 से 22 अक्टूबर तक चलेगा, जिसमें प्रदेश के विभिन्न जिलों से चयनित खिलाड़ी राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए अपनी तैयारियों को अंतिम रूप दे रही हैं। खिलाड़ियों को आधुनिक तकनीकों के साथ मैदान पर बेहतर तालमेल, खेल कौशल और रणनीति का अभ्यास करवाया जा रहा है।
पहली बार राष्ट्रीय स्तर पर चुनौती पेश करेगी टीम
मुख्य कोच धर्मेंद्र चौधरी ने कहा कि स्कूली खेलों में रग्बी को स्थान मिलने से हिमाचल के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा दिखाने का नया मंच मिला है। टीम की तैयारियों में हेड ऑफ डेलिगेशन चंद्र मोहन शर्मा, मैनेजर त्रिसला एवं विजय कुमारी और असिस्टेंट कोच भी भूमिका निभा रहे हैं। चौधरी ने प्रदेश सरकार, शिक्षा विभाग और रग्बी एसोसिएशन हिमाचल प्रदेश का आभार जताते हुए बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद व्यक्त की।
सिरमौर की पांच खिलाड़ी टीम में शामिल
प्रदेश की चयनित टीम में सिरमौर से दिव्यांशी, कृतिका, सगुन, आरड्या और आयुषी सैनी शामिल हैं। इनके अलावा शिमला से रिद्धिमा, बिलासपुर से नैंसी, मंडी से चित्रांजना, कुल्लू से गुंजन और कांगड़ा से अरिस्या हिमाचल का प्रतिनिधित्व करेंगी। विद्यालय के प्रधानाचार्य जीवन प्रकाश जोशी ने खिलाड़ियों के अनुशासन, मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं।