Loading...

हिमाचल: सतलुज नदी में युवक ने दो बार लगाई छलांग, दूसरी बार गई जान

हिमाचलनाउ डेस्क • 19 Mar 2025 • 1 Min Read

हिमाचल प्रदेश के शिमला जिले के रामपुर में आत्महत्या का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां नेपाल मूल के एक व्यक्ति ने पहले सतलुज नदी में छलांग लगाई और बच जाने के बावजूद दोबारा नदी में कूदकर जान दे दी।

वीडियो बनाकर पोस्ट किया, फिर लगाई छलांग

मृतक की पहचान नेपाल मूल के मणि लाल के रूप में हुई है, जो रामपुर बाजार के लामा ढाबे में काम करता था। घटना से पहले उसने निर्वस्त्र होकर एक वीडियो बनाया और फेसबुक पर पोस्ट कर दिया। वीडियो में उसने अपने बारे में बताते हुए कुछ बातें साझा कीं और फिर सोमवार देर शाम सतलुज नदी में कूद गया

बचाव के बावजूद दोबारा लगाई छलांग

पहली छलांग के बाद वह नदी के किनारे लग गया और बच गया। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन युवक ने पुलिस को पत्थरों से डराया और किसी को पास नहीं आने दिया। भीड़ जमा होने के बावजूद उसने एक बार फिर सतलुज नदी में छलांग लगा दी

एनडीआरएफ की मदद से शव बरामद

युवक के कूदने के बाद उसका कोई पता नहीं चला, जिसके बाद पुलिस ने एनडीआरएफ की मदद से खोज अभियान शुरू किया। मंगलवार सुबह उसका शव बरामद किया गया, जिसे पोस्टमार्टम के लिए महात्मा गांधी खनेरी अस्पताल भेज दिया गया

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया। मामले की जांच जारी है कि युवक ने आत्महत्या का कदम क्यों उठाया और क्या इस घटना के पीछे कोई और वजह थी।