Himachal School Summer Timing / भीषण गर्मी को देखते हुए बदला स्कूलों का समय, बाहरी गतिविधियों पर रोक
Himachal School Summer Timing : प्रदेश में बढ़ती गर्मी और लू की स्थिति को देखते हुए राज्य सरकार ने समर स्कूलों के संचालन समय में बदलाव किया है। कांगड़ा, ऊना, हमीरपुर, बिलासपुर, बीबीएन, पांवटा साहिब और नाहन सहित गर्म इलाकों में स्कूल अब सुबह 7:30 बजे से दोपहर 1:00 बजे तक संचालित होंगे।
शिमला
अब सुबह 7:30 से दोपहर 1:00 बजे तक लगेंगे स्कूल, प्रार्थना सभा का समय भी घटाया गया
गर्मी से राहत देने के लिए लिया गया निर्णय
स्कूल शिक्षा निदेशालय ने आदेश जारी करते हुए जिला उपनिदेशकों को अधिकार दिया है कि वे अपने-अपने जिलों में समय में बदलाव कर सकते हैं। यह फैसला छात्रों और शिक्षकों को गर्मी से राहत देने के लिए लिया गया है। तापमान कई क्षेत्रों में 45 डिग्री तक पहुंचने के कारण स्कूल प्रबंधन समितियों और अभिभावकों की मांग पर यह कदम उठाया गया है।
प्रार्थना सभा और खेल गतिविधियों पर पाबंदी
निदेशालय ने सभी स्कूलों को निर्देश दिए हैं कि वे प्रार्थना सभा की अवधि को छोटा करें और इसे संभव हो तो कक्षा में ही आयोजित करें। साथ ही, बच्चों को गर्मी में बाहर खेलने से रोका जाए। विद्यालयों को निर्देश दिया गया है कि विद्यार्थियों को पर्याप्त पानी पीने के लिए दो अतिरिक्त ब्रेक दिए जाएं ताकि वे हाइड्रेटेड रहें।
स्थानीय प्रशासन के निर्देशों के अनुसार लागू होंगे बदलाव
यदि किसी क्षेत्र में पहले से आपदा प्रबंधन अधिनियम के तहत समय में बदलाव किया गया है, तो वही निर्देश प्रभावी रहेंगे। उपनिदेशकों को यह भी निर्देश दिया गया है कि वे स्कूलों में बदले हुए समय का पालन सुनिश्चित करें और निदेशालय को रिपोर्ट करें। यह नियम सरकारी और निजी दोनों प्रकार के स्कूलों पर लागू होगा।